Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। वहीं क्षेत्रीय दल भी किसी तरह की कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं, क्योंकि लोकसभा चुनाव में अब सिर्फ सात महीने का वक्त बचा है। एनडीए के साथ 38 दल हैं तो वहीं विपक्षी गठबंधन INDIA में 26 पार्टियां शामिल हैं। जबकि बसपा प्रमुख मावायती की पार्टी इन दोनों गठबंधन में किसी का भी हिस्सा नहीं है। ऐसे में लोकसभा चुनाव को लेकर जो सर्वे किया गया है कि उससे बसपा की टेंशन बढ़ना लगभग तय है।
INDIA TV CNX Survey ने इंडिया गठबंधन बनने के बाद लोकसभा चुनाव 2024 में सीटों के लिए एक सर्वे किया। सर्वे के नतीजों के मुताबिक, देश में फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाले NDA को पूर्ण बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है।
NDA को 318 सीटें मिलने की संभावना
सर्वे में NDA को 318 सीटें, जबकि इंडिया गठबंधन को 175 सीट मिलने की संभावना है। वहीं अन्य को 50 सीटें मिल सकती हैं। वहीं सर्वे में मायावती की पार्टी बसपा को लेकर जो नतीजे सामने आए हैं वो काफी हैरान करने वाले हैं।
बसपा को नहीं मिल रही एक भी सीट
सर्वे के अनुसार, बसपा को 2024 के लोकसभा चुनाव में बड़ा झटका लग सकता है। मायावती की पार्टी बसपा को एक भी सीट मिलती हुई नजर नहीं आ रही है। सर्वे में बसपा को उसके पारंपरिक दलित मतदाता के बावजूद एक भी सीट पर जीत मिलने का अनुमान नहीं है। 2019 लोकसभा चुनाव में खासकर यूपी में बीएसपी को 19.43 प्रतिशत, सपा को 18.11 प्रतिशत वोट मिला था, जबकि कांग्रेस को 6.36 फीसदी वोट शेयर और बीजेपी को यहां से करीब 50 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त हुआ था।
बसपा ने नहीं किया किसी से गठबंधन
यहां एक दिलचस्प बात यह भी है कि मायावती की पार्टी बसपा ने अब तक किसी भी दल से गठबंधन नहीं किया, जबकि 2019 के आम चुनाव में मायावती की पार्टी उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के साथ महागठबंधन में शामिल थी। जिसमें बसपा को 10 सीटें, समाजवादी पार्टी को पांच सीट और जयंत चौधरी की पार्टी आरएलडी एक भी सीट नसीब नहीं हुई थी।
2019 में NDA को मिली थीं 62 सीट
साल 2019 के आम चुनाव में उत्तर प्रदेश से NDA को 62 सीटें। अपना दल (एस) को दो सीट और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली थी, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए किए गए इस सर्वे में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को यहां की कुल 80 सीटों में से 73 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं इंडिया गठबंधन में शामिल कांग्रेस, सपा और आरएलडी को सात सीटें मिलने की संभावना है।