उत्तर प्रदेश विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर पद के लिए विधानसभा सचिवालय ने रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया, समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान, राम गोपाल वर्मा और दुर्गा प्रसाद यादव जैसे नेताओं का नाम भेजा था। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने रमापति को इस पद पर नियुक्त किया। चार सदस्यीय पैनल ने भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंत्री और विधायक शास्त्री को प्रोटेम स्पीकर के तौर पर चुना।

हालांकि, मुख्यमंत्री और कैबिनेट के शपथ ग्रहण के बाद सदन के नए स्पीकर का चुनाव किया जाएगा। प्रोटेम स्पीकर शास्त्री नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे। राज्यपाल 26 मार्च को प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाएंगे। वरिष्ठ विधायकों की जो सूची भेजी गई थी उसमें सबसे पहला नाम रामपुर से दसवीं बार विधायक चुने गए आजम खान का था। इसके बाद भाजपा के सुरेश कुमार खन्ना और सपा के दुर्गा प्रसाद यादव व अवधेश प्रसाद का नाम था।

बता दें कि रमापति शास्‍त्री गोंडा की मनकापुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में सपा के रमेश गौतम को 42,396 वोटों से हराया था। वह आठवीं बार विधानसभा पहुंचे हैं। वह पहली बार 1974 में विधायक चुने गए थे। योगी अदित्यनाथ की अगुवाई वाली पिछली सरकार में वह समाज कल्याण मंत्री थे। कल्याण सिंह की सरकार में वह समाज कल्याण और राजस्व मंत्री रहे। इसके अलावा वह मायावती और कल्याण सिंह के ही सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे।

उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी को प्रचंड जीत दिलाने वाले योगी आदित्यनाथ के 25 मार्च को दूसरे कार्यकाल के लिए राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। आदित्यनाथ पिछले 37 वर्षों में राज्य में पूर्ण कार्यकाल पूरा करने के बाद सत्ता में लौटने वाले पहले मुख्यमंत्री होंगे। बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में 403 में से 255 सीटों पर जीत हासिल कर सत्ता बरकरार रखी और 41.29 फीसदी वोट शेयर हासिल किया।

शपथ ग्रहण समारोह लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित होगा। इस दौरान देश की राजनैतिक, धार्मिक, उद्योग और समाजिक जगत की हस्तियां मौजूद रहेंगी। कई पीठों के शंकराचार्य और साधु संतों को भी न्योता दिया गया है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री भी मौजूद होंगे।