अलीगढ़ के अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में​ जिन्ना की फोटो पर उठा विवाद अभी जारी है। अब इस विवाद पर ताजा बयान दिया है गोरखपुर के नए नवेले सांसद प्रवीण निषाद ने। निषाद पार्टी के सांसद प्रवीण निषाद ने कहा,’मोहम्मद अली जिन्ना ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लिया था। बिल्कुल उसी तरह जैसे महात्मा गांधी या फिर जवाहर लाल नेहरू ने लिया था।

इस विवाद की चपेट में पूरा उत्तर प्रदेश कुछ दिनों से लगातार बना हुआ है। कुछ दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं और सत्तारूढ़ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने ये मांग की थी कि जिन्ना के चित्र को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से हटा दिया जाए। छात्र संगठन इस बात पर अड़ा हुआ था कि ऐतिहासिक विभूति होने के नाते और विश्वविद्यालय के संस्थापक सदस्य होने के नाते जिन्ना का चित्र विश्वविद्यालय में लगाया जाना चाहिए।

राजनीति कर रही है भाजपा :  सांसद निषाद ने कहा, भारतीय जनता पार्टी इस मामले में राजनीति कर रही है। इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए। महात्मा गांधी और जवाहर लाल नेहरू की तरह जिन्ना ने भी आजादी की मुहिम में अपना योगदान दिया था। नवनिर्वाचित सांसद ने भाजपा पर आरोप लगाया कि भाजपा सांप्रदायिक भावनाएं भड़काकर 2019 के लोकसभा चुनावों में राजनी​तिक बढ़त लेना चाहती है।

सामूहिक योगदान से मिली आजादी : सांसद ने कहा, हिन्दुओं की तरह मुस्लिमों ने भी देश की आजादी में अपना योगदान दिया था। इस बात के सारे दस्तावेजी सबूत भी हैं। भाजपा इस तरह के मामलों को उठाकर लोगों को जाति और धर्म में बांटने की साजिश रच रही है। जब हम शहीद—ए—आजम भगत सिंह की बात करते हैं, हमें अशफाकउल्लाह खान और वीर अब्दुल हमीद भी याद आते हैं। इन सभी वीरों ने देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी थी। भाजपा चाहती है कि लोग देश के लिए उनके बलिदान को भूल जाएं’ सांसद प्रवीण निषाद, निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के बेटे हैं। उन्हें समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने गोरखपुर सीट पर हुए उपचुनावों में अपना संयुक्त उम्मीदवार बनाया था।

अलीगढ़ में इंटरनेट सेवा ठप : इसी बीच, अलीगढ़ में ​डीएम चन्द्र भूषण सिंह ने इंटरनेट सेवाओं को ठप करने की घोषणा कर दी है। घोषणा के मुताबिक इंटरनेट पर 4 मई की दोपहर दो बजे से लेकर शुक्रवार आधी रात तक प्रतिबंध रहेगा। ये इसलिए किया गया है ताकि जिन्ना विवाद को लेकर किसी भी किस्म की भड़काऊ सामग्री का प्रसार सोशल मीडिया के जरिए न हो सके। अलीगढ़ के भाजपा सांसद सतीश गौतम ने सबसे पहले एएमयू के उप कुलपति तारिक मंसूर से पूछा था कि आखिरकार यूनीवर्सिटी के परिसर में जिन्ना की तस्वीर क्यों लगाई गई है? वहीं गुरुवार (3 मई) को योगी आदित्यनाथ ने भी जिन्ना का चित्र यूनीवर्सिटी से हटाने की बात कही थी।