विधानसभा चुनाव जीतने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आजमगढ़ लोकसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था। इस सीट हुए उपचुनाव का परिणाम आ चुका है। भाजपा के दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव को हरा दिया है। निरहुआ को 3,12,768 वोट मिले हैं। वहीं धर्मेंद्र यादव के वोटों की संख्या 3,04089 पर ही रुक गई। इस तरह भाजपा के निरहुआ ने सपा का गढ़ कहे जाने वाले आजमगढ़ में धर्मेंद्र यादव को 8679 मतों से हरा दिया है। इस सीट पर बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार शाह आलम 2,66,106 वोट मिला है।
दिनेश लाल यादव कौन हैं? : निरहुआ के नाम से चर्चित दिनेश लाल यादव भोजपुरी सिनेमा के सुपस्टार हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार में काफी लोकप्रिय हैं। दो फरवरी 1979 में गाजीपुर में पैदा निरहुआ अपने भोजपुरी म्यूजिक एल्बम ‘निरहुआ सटल रहे’ से सुर्खियों में आए थे। फिल्म में अभिनय करने का मौका साल 2006 में मिला लेकिन सफलता 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘निरहुआ रिक्शा वाला’ से मिली। निरहुआ के भाई विजय लाल यादव का बिरहा गाने के चर्चित हैं।
अखिलेश यादव ने दिया था सम्मान : समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिनेश लाल यादव को उत्तर प्रदेश का सर्वोच्च सम्मान ‘यश भारती’ से सम्मानित किया था। इसके तहत निरहुआ को एक प्रशस्ति पत्र, 11 लाख रुपये दिया गया था। साथ ही 50 हजार रुपये आजीवन पेंशन की भी व्यवस्थी की गई थी। यह पुरस्कार साहित्य, समाजसेवा, पत्रकारिता, हस्तशिल्प, चिकित्सा, संस्कृति, शिक्षण, संगीत, फिल्म, विज्ञान, नाटक, खेल और उद्योग आदि के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए दिया जाता था। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार ने अब इस पुरस्कार पर रोक लगा दिया है।
राजनीतिक करियर : दिनेश लाल यादव निरहुआ को सम्मान भले ही सपा सरकार में मिला हो, लेकिन उन्होंने अपने राजनीकि करियर की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी से की थी। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में निरहुआ आजमगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी थें। अखिलेश यादव के सामने इनकी बुरी हार हुई थी। इस बार यह सीट जीतकर निरहुआ ने एक तरह से सपा के गढ़ पर कब्जा कर लिया है।