विधान परिषद चुनावों में भाजपा उम्मीदवारों की भारी जीत भगवा दल की उस चुनावी रणनीति का नतीजा रहा, जिसने अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी को करारी मात दी। बसपा-कांग्रेस की गैरमौजूदगी में भाजपा और सपा के उम्मीदवार विधान परिषद चुनावों में आमने-सामने थे जहां 36 में से 33 सीटों पर भाजपा ने कब्जा कर लिया। एक महीने पहले ही विधानसभा चुनावों में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल करते हुए सत्ता में लगातार दूसरी बार वापसी की, जहां दूसरे स्थान पर समाजवादी पार्टी के नेतृत्व वाला गठबंधन रहा।
राजनीतिक पंडितों का मानना है कि एमएलसी चुनावों में भाजपा की शानदार जीत के बाद 2024 के लोकसभा चुनावों के मद्देनजर, भगवा दल जमीनी स्तर पर खुद को मजबूत करने की तैयारी में जुट जाएगी। आगामी लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा केंद्र में तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिशों के साथ जनता के बीच आएगी।
सूबे के 35 स्थानीय निकायों को कवर करने वाले एमएलसी चुनावों में विधायकों और सांसदों के अलावा जिला पंचायत और ग्राम पंचायत के सदस्य भी मतदाता सूची में थे। यूपी विधानसभा चुनावों में सपा के नेतृत्व वाले विपक्ष द्वारा की गई आंशिक भरपाई का असर एमएलसी चुनावों में कहीं दिखाई नहीं दिया। इन चुनावों में एकतरफा जीत के बाद भाजपा का अगला फोकस आगामी निकाय चुनावों पर है। साथ ही पार्टी 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए भी तैयारियों में जुटी है।
अंबेडकर जयंती (14 अप्रैल) को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के केंद्र के फैसले को भी भाजपा के ‘मिशन 2024’ से जोड़कर देखा जा रहा है। इस दिन बीजेपी सरकार यूपी में कई कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है।
जानकारों का कहना है कि भाजपा ने एक बार फिर विपक्ष की खोई जमीन को फिर से हासिल करने की उम्मीदों पर पानी फेरने की अपनी क्षमता साबित कर दी है। सपा के गढ़ इटावा-फर्रुखाबाद स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा की जीत हुई है। विधानसभा चुनावों के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव के बीच मतभेद खुलकर सामने आए हैं और प्रसपा प्रमुख के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
भाजपा ने 36 में से 33 सीटों पर जीत के साथ ही विधान परिषद में भी बहुमत हासिल कर लिया है। सदन में सपा के 17 सदस्य हैं, जिनमें से 6 का कार्यकाल 26 मई को समाप्त होगा। ये सभी सदस्य राज्यपाल द्वारा मनोनीत हैं और ये सारी सीटें भाजपा के खाते में चली जाएंगी।