उत्तर प्रदेश को नया मुख्य सचिव मिल गया है। 1989 बैच के आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश गोयल उर्फ एसपी गोयल उत्तर प्रदेश के नए मुख्य सचिव होंगे। पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह आज ही रिटायर हुए हैं और एसपी गोयल ने पदभार ग्रहण कर लिया है। एसपी गोयल ने पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।

एसपी गोयल ने क्या कहा?

एसपी गोयल ने कहा कि सीएम योगी के निर्देश पर वह विकास कार्यों को आगे ले जाएंगे। एसपी गोयल ने पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने जो काम किया है, उसे भी वह आगे ले जाएंगे।

एसपी गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार की ‘जीरो टॉलरेन्स, जीरो करप्शन’, औद्योगिक विकास एवं आर्थिक विकास की नीतियों को धरातल पर उतारने का पूरा जोर रहेगा। एसपी गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाने और राज्य को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के पूरे प्रयास किये जाएंगे।

गौतम बुद्ध नगर से लेकर गोरखपुर जिले के बदले DM, 23 IAS अधिकारियों के तबादले; CM योगी ने भरोसेमंद ऑफिसर को सौंपी इस जिले की कमान

एसपी गोयल ने कहा कि प्रदेश में जारी विकास कार्यों को समयबद्धता एवं पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश को औद्योगिक हब बनाने के लिये ठोस कदम उठाये जायेंगे ताकि प्रदेशवासियों को एक खुशहाल राज्य एवं युवाओं को एक बेहतर भविष्य मिले।

योगी के करीबी हैं SP GOYAL

एसपी गोयल सीएम योगी आदित्यनाथ के करीबी ऑफिसर माने जाते हैं। वह 8 साल से लगातार सीएम योगी के प्रमुख सचिव और मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव पद पर तैनात थे। 1989 में यूपीएससी एग्जाम में एसपी गोयल ने ऑल इंडिया पहली रैंक हासिल की थी। यानी 1989 बैच के टॉपर को उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक कमान मिली है। शशि प्रकाश गोयल का जन्म 20 जनवरी 1967 को लखनऊ में हुआ था। उन्होंने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन ट्रेड से EMIB की डिग्री हासिल की है।

एसपी गोयल ने कब शुरू किया था करियर?

1990 में एसपी गोयल ने अपना करियर शुरू किया था और पहली पोस्टिंग इटावा में बतौर असिस्टेंट मजिस्ट्रेट हुई थी। 1996 में उन्हें देवरिया जिले के जिलाधिकारी की कमान मिली। उसके बाद से वह लगातार कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।