रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि मैं भी यूपी का सीएम रहा लेकिन जिस तरह की ऊंचाई राज्य को योगी आदित्यनाथ दे रहे हैं, वो अभूतपूर्व है। राजनाथ सिंह ने यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर भी सीएम योगी की सराहना की है।
इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स के विशेष सत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ”मैं (उत्तर प्रदेश का) मुख्यमंत्री भी रहा हूं लेकिन वर्तमान सीएम के बारे में कह सकता हूं कि उन्होंने उत्तर प्रदेश को एक नई ऊंचाई दी है। विकास का पहिया तेजी से घूम रहा है। आज उत्तर प्रदेश में निवेशक आ रहे हैं। देशी-विदेशी निवेशक ऐसे प्रदेश में नहीं आना चाहते जहां शासन व्यवस्था और कानून-व्यवस्था खराब हो। निश्चित तौर पर यूपी की कानून व्यवस्था अच्छी हुई है तभी निवेशक यूपी में आ रहे हैं।”
भारत और अमेरिका स्वाभाविक साझेदार- राजनाथ सिंह
कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने भारत और अमेरिका को स्वाभाविक साझेदार बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक भू-राजनीतिक परिदृश्य के बीच व्यापार और रणनीतिक दोनों क्षेत्रों में दोनों देशों को एक साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा, “भारत और अमेरिका एक स्वतंत्र, खुले और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का समर्थन करते हैं। इससे हमारे सामरिक हितों में काफी समानता आ रही है। इसके अलावा हमारा आर्थिक संबंध दोनों देशों के लिए फायदे का सौदा है।”
राजनाथ सिंह ने कहा, “भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और अमेरिका एक बड़ा लोकतंत्र है। जब दो बड़े लोकतंत्र एक-दूसरे के साथ सहयोग करते हैं, तो यह निश्चित रूप से लोकतांत्रिक विश्व व्यवस्था को मजबूत बनाएगा। यह दुनिया भर में नियम-आधारित व्यवस्था के रूप में कार्य करेगा। हमारा एक साथ काम करना न केवल हमारे लिए, बल्कि पूरी दुनिया के लिए फायदेमंद होगा।”
बता दें कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था के लिए सीएम योगी की सराहना कई बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं। पीएम मोदी अपने कई भाषणों में योगी सरकार की कानून व्यवस्था का जिक्र कर चुके हैं। यूपी चुनाव में भी कानून व्यवस्था एक मुख्य मुद्दा बीजेपी ने बनाया था। हालांकि विपक्ष कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार को घेरता रहता है।