योगी आदित्य नाथ के सीएम बनने के साथ ही यूपी पुलिस एक्शन मोड में आ चुकी है। जहां एक तरफ पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वाड लड़कियों को परेशान करने वाले मनचलों को सबक सिखा रही है वहीं दूसरी तरफ अवैध बूचड़खानों पर भी पुलिसिया कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में यूपी के मुजफ्फरनगर-शामली से ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां हुई हैं। यहां शामली से पुलिस ने दो लोगों को अवैध तरीके से भैसों के काटने के आरोप में गिरफ्तार किया। शामली से ही एंटी रोमियो स्क्वाड ने भी लड़कियों पर फब्तियां कसते 6 लड़कों को गिरफ्तार किया है।

गुरुवार को सुबह शामली के आजाद चौक पर पुलिस को रेड के दौरान एक घर से कटाई के लिए रखी 6 भैंसें मिली। मौके पर मौजूद दिलनवाज और रफिक इन भैसों को काटने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस को देखते ही दोनों भागने की फिराक मे इधर-उधर देखने लेगे, लेकिन पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन दोनों पर पशुओं की क्रूरता को रोकने के लिए अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।

शामली में ही एंटी रोमियो स्क्वाड की टीम ने भी अलग-अलग जगहों से 6 लड़कों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर आरोप है कि ये लोग लड़कियों को अश्लील कमेंट करते हुए उन्हें परेशान कर रहे थे। मुजफ्फरनगर जिले की पुलिस ने अपने हर थाने में एंटी रोमियो स्क्वाड की टीम तैयार की है। ये टीम मॉल, मार्केट, पार्क और लड़कियों के स्कूल जैसी जगहों पर मनचलों को गिरफ्त में ले रही है।

जब से 19 मार्च को योगी आदित्यनाथ ने यूपी की सत्ता संभाली है तभी से प्रदेश की पुलिस पूरी तरह से एक्शन में आ गई है। यूपी पुलिस अवैध बूचड़खाने चलाने वालों और लड़कियों को छेड़ने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर गिरफ्तारियां कर रही हैं। प्रदेश के डीजीपी जावेद अहमद ने बताया कि अब तक कुल 12 ऐसे बूचड़खानों को सील कर दिया है जो अवैध तरीके से चलाए जा रहे थे। साथ ही अब तक 43 लोगों को इस तरह के मामलों में गिरफ्तार भी किया गया है।