उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 17 मार्च को आयोजित होने वाली यूपी पीसीएस 2024 की प्रारंभिक परीक्षा को स्थगित कर दिया है। अब परीक्षा जुलाई महीने में होने की संभावना है। 17 मार्च 2024 को पीसीएस प्रारंभिक का एग्जाम प्रस्तावित था लेकिन आज आयोग की तरफ से नॉटिफिकेशन जारी कर इस हाई प्रोफाइल परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है।

संभावना जताई गई कि जुलाई महीने में यूपी पीसीएस प्रीलिम्स को आयोजित कराया जा सकता है। मिली जानकारी के अनुसार, PCS के 220 पदों के लिए भर्ती निकली थी, जिसके लिए 5,74, 538 अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरा था। वहीं, यूपीपीएससी की ओर से प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 17 मार्च 2024 को किया जाना था। परीक्षा का आयोजन दो शिफ्ट में होना था। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक आयोजित की जानी थी।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक

17 और 18 फरवरी 2024 को हुई उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा का पेपर लीक हुआ था, जिसके बाद देशभर में स्टूडेंट्स जमकर हंगामा किया था। जिसके बाद योगी सरकार ने परीक्षा कैंसिल कर 6 महीने में दोबारा परीक्षा करने के आदेश दिए गए। पेपर लीक की इस घटना पर एसटीएफ अभी भी जांच कर रही है। ऑफलाइन हुई इस परीक्षा में 2 दिन में 48 लाख से अधिक नौजवानों ने परीक्षा दी थी।

यूपी पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में भर्ती बोर्ड की अध्यक्ष रेणुका मिश्रा को पद से हटा दिया गया था। उनकी जगह राजीव कृष्ण को भर्ती बोर्ड की जिम्मेदारी दी गई। यूपी में 60 हजार से ज्यादा सिपाही भर्ती में 48 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

RO-ARO एग्जाम में पेपर लीक का आरोप

उत्तर प्रदेश के 56 जिलों में 11 फरवरी को हुई RO-ARO यानी समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी की परीक्षा को लेकर भी हंगामा हुआ था। पेपर लीक के आरोप के बाद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के प्रयागराज स्थित दफ्तर पर अभ्यर्थियों ने घेराव कर दिया था। RO/ ARO भर्ती परीक्षा में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने आंतरिक जांच के बाद परीक्षा नियंत्रक को हटाया था और एफआईआर भी दर्ज करवा दी थी। 29 फरवरी को आगरा में यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट में जीव विज्ञान और गणित का पेपर लीक होने का भी मामला सामने आया था। जिसको लेकर उत्तर प्रदेश बोर्ड ने जांच कमेटी गठित की है।