उत्तर प्रदेश में 4 और 11 मई 2023 को दो चरणों में निकाय चुनाव होंगे, जिसके लिए सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निकाय चुनावों के लिए मथुरा, फिरोजाबाद और आगरा में जनसभाओं को संबोधित किया। वहीं, कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि अमेठी जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने उसे भगवा कुर्ता पहने देख गालियां दीं और उसकी पिटाई की।

अमेठी जिला कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने शुक्रवार (28 अप्रैल) को कहा कि अमेठी जिला कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ पार्टी कार्यालय में भगवा कुर्ता पहनने को लेकर एक पार्टी कार्यकर्ता को गाली देने और उसकी पिटाई करने का मामला दर्ज किया गया है। अमेठी कोतवाली थाने के थानाध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी ने अखिलेश शुक्ला की शिकायत पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह और अन्य के खिलाफ शुक्ला के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।

कांग्रेस नेता ने दी गालियां, की पिटाई

अमेठी कांग्रेस इकाई के पूर्व उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने कहा कि गुरुवार की शाम जब वह भगवा कुर्ता और सफेद पैंट पहनकर यहां दुर्गापुर रोड स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे तो पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन पर आरोप लगाया कि वह आगामी नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस का प्रचार करने के बजाय अपने पहनावे से भाजपा का समर्थन कर रहे हैं। पुलिस ने शुक्ला की शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि बहस जल्द ही बढ़ गई और सिंघल और सिंह सहित एक दर्जन लोगों ने उनकी जमकर पिटाई की और उनके कपड़े फाड़ दिए।

थानाध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले में भारतीय दंड संहिता के तहत गुरुवार देर शाम मामला दर्ज किया गया। वहीं, अखिलेश शुक्ला के आरोपों को निराधार बताते हुए शुभम सिंह ने कहा कि यह कांग्रेस की छवि खराब करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि शुक्ला बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं क्योंकि वह जिला पार्टी नेतृत्व में एक पद पाने में विफल रहे।

मथुरा में सीएम योगी की जनसभा

मथुरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, “यह जगह पहले ‘दूध की नदियों’ के लिए जानी जाती थी। 2017 से पहले मथुरा में मांस और शराब बिकती थी लेकिन बीजेपी के सत्ता में आने के बाद हमने इस पवित्र शहर में इन पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया।” उन्होंने कहा कि हमने शराब और मांस बेचने वाले लोगों से मिल्कशेक, सब्जियां बेचने और पवित्र शहर की पवित्रता के साथ खिलवाड़ नहीं करने के लिए कहा।