प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित बयान देने पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव सचिन चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) नेता अक्षित अग्रवाल की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है। चौधरी पर आरोप है कि एक पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने पीएम मोदी और हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। अक्षित अग्रवाल ने कहा कि सचिन चौधरी का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वह प्रधानमंत्री पर अशोभनीय टिप्पणी करते दिख रहे हैं।

अडानी मामले को लेकर पीएम मोदी पर साधा था निशाना

शनिवार (2 अप्रैल, 2023) को उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्रीश चंद्र ने बताया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) नेता अक्षित अग्रवाल की शिकायत पर संभल कोतवाली में कानूनी धाराओं में एक मामला दर्ज किया गया है। भाजयुमो के जिला कार्यालय प्रभारी अग्रवाल ने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार को यहां एक पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ टिप्पणी की। चौधरी ने अडानी मामले को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा।

कांग्रेस नेता का वीडियो वायरल

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता की अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणी वाला वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने हिंदू धर्म के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की। अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेता की टिप्पणी वाला वीडियो क्लिप भी पुलिस को दिया है।

राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज

इस बीच, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की तुलना कौरवों से करने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के एक कार्यकर्ता कमल भदौरिया ने हरिद्वार कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज की है। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि राहुल गांधी ने आरएसएस को 21वीं सदी के कौरव बताया है।

कमल भदौरिया के वकील ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ आरएसएस को लेकर टिप्पणी करने पर इंडियन पीनल कोड के सेक्शन 499 और 500 के तहत शिकायत दर्ज की गई है। आरोप है कि राहुल गांधी ने इसी साल 9 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान यह टिप्पणी की थी। राहुल ने कहा था कि देश में 21वीं सदी के कौरव खाकी हाफ-पैंट पहनते हैं और शाखा चलाते हैं।