आजकल कई ऐसे दुस्साहसी लोग हैं जो सीधे मंत्री को ही जान से मारने या धमकाने के लिए फोन करने लगते हैं। वे यह नहीं समझ पाते हैं कि पकड़े जाएंगे तो उन पर साथ कड़ी कार्रवाई होगी अंजाम से अंजान बने ये लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं। हाल ही में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद को दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का प्रशंसक बताते हुए उनकी मौत का जिम्मेदार महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे को बताते हुए उनको फोन पर धमकी भरे संदेश भेजे। मुंबई पुलिस ने इस पर तत्काल एक्शन लेते हुए उसे बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है।

एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि आरोपी जयसिंह राजपूत को मुंबई अपराध शाखा की साइबर टीम ने शनिवार को गिरफ्तार किया और उसे मुंबई लाया गया। आदित्य ठाकरे, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे राज्य के कैबिनेट मंत्री भी हैं।

अधिकारी ने बताया कि राजपूत ने आठ दिसंबर को मंत्री को कथित तौर पर फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। आरोपी ने इसके बाद मंत्री को धमकी भरा संदेश भेजा। जांच के दौरान, साइबर पुलिस को पता चला कि फोन करने वाले का नंबर बेंगलुरू से था।

अधिकारी ने बताया कि एक टीम को बेंगलुरु भेजा गया, जिसने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे एक अदालत में पेश किया गया। स्थानीय अदालत ने आरोपी को 23 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। आरोपी खुद को दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का प्रशंसक बता रहा है।

पुलिस के मुताबिक व्हाट्सअप के प्रारंभिक संदेशों में गालियां थीं। इसमें लिखा गया था, “आपने सुशांत सिंह राजपूत को मार डाला …” पुलिस ने बताया कि आरोपी ने फिर आदित्य को तीन फोन किए। कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने वाट्सएप पर जान से मारने की धमकी दी थी।

इसके बाद, आईपीसी की धारा 500 (मानहानि), 506 (2) (यदि खतरा मौत या गंभीर चोट का कारण हो) और आईटी अधिनियम की धारा 67 (इलेक्ट्रॉनिक रूप में अश्लील सामग्री को प्रकाशित या प्रसारित करने की सजा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।