बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की बंपर जीत हुई और महागठबंधन की करारी हार हुई। महागठबंधन की करारी हार के बाद लालू परिवार में घमासान मच गया है। परिवार में ही तेजस्वी यादव और उनके सलाहकार संजय यादव के खिलाफ आवाज उठने लगी है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने संजय यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं तेज प्रताप यादव पहले से ही संजय यादव को घेरते रहे हैं।
संजय यादव के खिलाफ आरजेडी के कार्यकर्ताओं ने भी चुनावी नतीजे आने के बाद विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि संजय यादव, तेजस्वी यादव के बेहद करीबी हैं और अक्सर उनके साथ दिखते हैं। तेजस्वी यादव को क्या करना है या किसी मुद्दे पर कैसे रणनीति बनाई जानी है, इसका फैसला भी संजय यादव ही लेते हैं।
रोहिणी ने रमीज-संजय के खिलाफ खोल रखा है मोर्चा
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी संजय यादव के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। वहीं उन्होंने रमीज का भी जिक्र किया है जो तेजस्वी यादव की टीम में हैं। रमीज उत्तर प्रदेश के बलरामपुर के रहने वाले हैं और उनके खिलाफ कई मुकदमे भी दर्ज हैं। लेकिन रमीज और संजय यादव के अलावा तेजस्वी यादव की कोर टीम में चार अन्य लोग भी शामिल हैं, जो उनका और राजद का पूरा काम देखते हैं।
तेज प्रताप ने मांगी मोदी सरकार से मदद, क्या सच में लालू-राबड़ी को सताया जा रहा?
मोहम्मद अदनान
मोहम्मद अदनान तेजस्वी यादव के पर्सनल असिस्टेंट हैं और वह हमेशा उनके साथ रहते हैं। तेजस्वी यादव किससे मिलेंगे, इसका फैसला मोहम्मद अदनान ही करते हैं। तेजस्वी यादव को निर्देश संजय यादव से मिलता है।
सुनील सिंह
सुनील सिंह, तेजस्वी यादव की टीम में शामिल हैं। हालांकि वह लालू यादव की टीम में भी शामिल थे। सुनील सिंह को राजद और लालू परिवार का सबसे अभिन्न अंग माना जाता है। वह राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई भी हैं और एमएलसी भी हैं। सुनील सिंह तेजस्वी को सलाह भी देते हैं और यहां तक कहा जाता है कि तेजस्वी भी उनकी बात को काटते नहीं है।
शक्ति यादव
तेजस्वी यादव की टीम में शक्ति यादव भी शामिल हैं, जो राजद के मुख्य प्रवक्ता हैं। शक्ति यादव विधायक भी रह चुके हैं और प्रवक्ताओं की टीम को वही संभालते हैं। किस नेता को मीडिया में क्या बोलना है, इसका फैसला शक्ति सिंह यादव ही करते हैं। उनका एक वीडियो वायरल होता है, जिसमें वह पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद मनोज झा तक को बोलने से रोक देते हैं।
इंजीनियर सुनील
तेजस्वी यादव की कोर टीम में इंजीनियर सुनील भी शामिल हैं। इंजीनियर सुनील राघोपुर में तेजस्वी यादव का पूरा काम देखते हैं और पार्टी की फंडिंग से जुड़ा काम भी देखते हैं। 2015 से ही इंजीनियर सुनील राघोपुर की कमान संभालते हैं। कहा जाता है वहां से विधायक तो तेजस्वी हैं लेकिन पूरा काम इंजीनियर सुनील ही देखते हैं।
