भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार (4 मई) को अन्नाद्रमुक, द्रमुक और कांग्रेस पर ‘भ्रष्टाचार’ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए अपनी पार्टी को तमिलनाडु में विकल्प के तौर पर पेश करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि राज्य में दशकों से शासन कर रहीं अन्नाद्रमुक और द्रमुक ने विकास का ग्राफ ‘नीचे गिरा’ दिया है और राज्य के लोगों से अपील की कि वे विकास की राजनीति के दौर की शुरुआत के लिए राजग को वोट दें।

भाजपा अध्यक्ष शाह ने यहां एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए दोनों द्रविड़ पार्टियों और भाजपा की धुर विरोधी कांग्रेस के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के विभिन्न आरोपों की तरफ इशारा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक, अन्नाद्रमुक और कांग्रेस ‘भ्रष्ट’ हैं और उन्हें ‘भ्रष्टाचार के अलावा कुछ और नहीं आता।’

शाह ने कहा, ‘‘द्रमुक टूजी स्पेक्ट्रम आवंटन और एयरसेल-मैक्सिस (के सिलसिले में आरोपों का सामना कर रही है)… द्रमुक के खिलाफ कितने घोटाले हैं।’’ उन्होंने एयरसेल-मैक्सिस करार की तरफ साफ इशारा करते हुए कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम को निशाने पर लिया और कहा कि वह और उनके बेटे कार्ति भी आरोपों का सामना कर रहे हैं।

पिछले महीने अन्नाद्रमुक सरकार को ‘देश में सबसे भ्रष्ट सरकार’ बताने वाले भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी की प्रमुख तथा तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता के खिलाफ इस समय उच्चतम न्यायालय में चल रहे आय से अधिक संपत्ति मामले की तरफ इशारा किया। उन्होंने कहा, ‘‘अन्नाद्रमुक की बात करें तो जयललिता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला है।’’

शाह ने कहा, ‘‘तमिलनाडु के मतदाताओं को इस विधानसभा चुनाव में फैसला करना होगा कि वे भ्रष्टाचार एवं भाई-भतीजावाद की राजनीति जारी रखना चाहते हैं या विकास की राजनीति की तरफ बढ़ना चाहते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव मैदान में खड़ी बाकी तीनों पार्टियां चाहे वह अन्नाद्रमुक हो, द्रमुक हो या कांग्रेस, उनके नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले हैं और वे राज्य के लोगों का शोषण कर रही हैं। वहीं दूसरी तरफ केंद्र में भाजपा की सरकार बने दो साल हो गए लेकिन उसके खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है।’’

शाह ने कहा कि पिछले 50 वर्षों में अन्नाद्रमुक सरकार से नाराज होने पर लोगों ने द्रमुक को वोट दिया और द्रमुक से नाराज होने पर अन्नाद्रमुक को चुना। उन्होंने कहा, ‘‘दोनों दलों में कोई अंतर नहीं है। दोनों ही भ्रष्ट हैं, उन्होंने तमिलनाडु को काफी नुकसान पहुंचाया है और राज्य के विकास के ग्राफ को नीचे गिरा दिया है।’’

राज्य में 16 मई को विधानसभा चुनाव होंगे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश के लोगों ने 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक नयी सरकार का निर्वाचन कर देश की राजनीति को एक ‘नई दिशा’ दी, उसी तरह का बदलाव तमिलनाडु में भी चाहिए और अन्नाद्रमुक को हटाकर द्रमुक को सत्ता सौंपने की बजाए लोगों को एक अच्छी सरकार का निर्वाचन करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं राज्य के लोगों से भाजपा नीत राजग गठबंधन को एक मौका देने की अपील करता हूं।’’