पाकिस्तान और पाकिस्तानी नेता अक्सर दिन में भी ख्वाब देखते हैं। वे भी ऐसे ख्वाब जो उनके देश को कंगाल करता जा रहा है, लेकिन वे उसको देखने से बाज नहीं आ रहे हैं। उनका नया ख्वाब यह है कि तालिबान उनको भारत से कश्मीर को छीनकर पाकिस्तान को सौंप देगा। यह सोचकर पाकिस्तान में लोग खुशी जता रहे हैं। यह दावा खुद वहां के पीएम इमरान खान की पार्टी पीटीआई की नेता नीलम इरशाद शेख (Neelam Irshad Sheikh) ने किया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान तालिबान के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
नीलम इरशाद शेख ने पाकिस्तान के एक न्यूज चैनल पर डिबेट के दौरान अपने बयान में कहा कि तालिबान वापस आएगा और कश्मीर को जीतकर उसे पाकिस्तान को दे देगा। उन्होंने बड़े गर्व से दावा किया कि पीएम इमरान खान के सत्ता संभालने के बाद दुनिया में पाकिस्तान का मान बढ़ा है। तालिबान ने कहा है कि वे हमारे साथ हैं और वे हमें कश्मीर फतह कर देंगे। जब एंकर ने उनसे पूछा कि कश्मीर को आपको देने की बात किसने कही? इस पर वे बोलीं, ‘भारत ने हमें टुकड़े किए, इंशा अल्लाह हम फिर जुड़ेंगे। हमारी फौज ताकतवर है। सरकार के पास पावर है। तालिबान हमारे साथ है। पाकिस्तान ने उनका साथ दिया और अब वो हमारा देंगे।”
उन्होंने कहा कि “इमरान खान के आने के बाद देश में निवेशक आ रहे हैं, विदेशी निवेशक आ रहे हैं। देश का राजस्व बढ़ रहा है। तुर्की और मलेशिया हमारे साथ हैं।” शो के एंकर ने उन्हें बीच में टोका और कहा कि उनकी बात सुनकर ऐसा लग रहा है जैसे वह भारत में किसी टेलिविजन शो को पेश कर रहा है।
इस डिबेट के दौरान एंकर पूछता है कि “आपको इस तरह के ख्याल कहां से आते हैं। आपको क्या वाट्सअप मैसेज आया था। आपको किसने बताया। आपको पता है कि आपने क्या कहा है। तालिबान कश्मीर जीतकर देंगे, ये आपको किसने बताया। अल्लाह का वास्ता है यह प्रोग्राम ऑन एयर जा रहा है। इसे दुनिया देखेगी, भारत देखेगा। ये कहां से सुनकर आपने हवाई छोड़ दिए। पराई शादी में अब्दुल्ला दीवाना। आपने तालिबान को कहां से कूदा दिया। तालिबान आएंगे तो फौज का क्या करेगी?”
इस पर नीलम इरशाद शेख ने कहा कि आप तालिबान की खबर नहीं देखते हैं। आपको उनकी बातें नहीं सुनाई पड़ती हैं। उन्होंने वादे किए हैं कि वे हमारा साथ देंगे। इंशा अल्लाह हम फिर एक होंगे।