यूपी में सपा सरकार की पूर्व मंत्री व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की एक महिला नेता ने सपा- बसपा (समाजवादी पार्टी और बहुजन समाजवादी पार्टी) गठबंधन पर जोरदार हमला किया है। नेता ने अपने हमले में कहा कि इनका मकसद चुनाव में प्रत्याशियों से सिर्फ पैसा वसूलना है और इनका जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अब लोग कहेंगे गुंडे चढ़ गए गोदी में गोली मारेंगे छाती में।

सपा-बसपा को जनता की समस्याओं से मतलब नहीं: दरअसल यूपी में सपा सरकार की पूर्व मंत्री व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सैय्यदा शादाब फातिमा ने सपा बसपा गठबंधन पर कहा कि इनका मकसद चुनाव में प्रत्याशियों से सिर्फ पैसा वसूलना है और इनका जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। इस गठबंधन को मायावती लीड कर रही हैं और मायावती जो रास्ता दिखाएंगी, उसी पर अखिलेश यादव आंख बंद कर चल देंगे।

गुंडे चढ़ गए गोदी में गोली मारेंगे छाती में: इसके साथ ही बसपा का नारा याद दिलाते हुए फातिमा ने कहा कि पहले मायावती ने कहा था कि चढ़ गुंडों की छाती पर, बटन दबाओ हाथी पर लेकिन अब गठबंधन सहित जो बुआ- भतीजे का खेल चल रहा है उसे देख लोग कहेंगे गुंडे चढ़ गए गोदी में गोली मारेंगे छाती में।

कौन हैं सैय्यदा शादाब फातिमा: बता दें कि सैय्यदा शादाब फातिमा यूपी की 16वीं विधानसभा में सपा से विधायक रही हैं। 2012 में उन्होंने जहूराबाद विधानसबा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीता। वहीं फातिमा अब शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी में हैं। गौरतलब है कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी 6 फरवरी को भाजपा सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगी।