पंजाब में कांग्रेस विधायकों ने नए मुख्यमंत्री के रूप में सुखजिंदर रंधावा का नाम पार्टी आलाकमान के पास आगे बढ़ाया गया था लेकिन आखिरी मिनट में हुए बदलाव के बाद चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब के विधायक का नेता चुन लिया गया। नए अपडेट के अनुसार कांग्रेस की पंजाब इकाई के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी कोपार्टी विधायक दल का नया नेता चुना गया और अब वह राज्य के अगले मुख्यमंत्री बन गए।

रंधावा के साथ साथ दो उप मुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलें भी लगाई जा रही थी लेकिन सारे दावे गलत साबित हुए। सुखजिंदर रंधावा किसी जमाने में कैप्टन अमरिंदर के करीबी और वफादार माने जाते थे लेकिन पिछले दिनों हुई सियासी उठापटक के बीच वह नवजोत सिंह सिद्धू के खेमे के नेता माने जाने लगे। कांग्रेस से जुड़े एक विश्वस्त सूत्र ने जानकारी दी थी कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी रंधावा को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दिए जाने के पक्ष में थे।

दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बीच पंजाब सीएम के चुनाव को लेकर लंबी बैठक चली। जिसके बाद चन्नी की ताजपोशी की रास्ता साफ हुआ। अटकलों के बीच सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा था कि उनकी कभी किसी पद की लालसा नहीं रही है। विधायक दल के नए नेता के चयन के बारे में रंधावा ने कहा कि इस बारे में हमने कांग्रेस अध्यक्ष को अधिकृत कर दिया है। यह पूछे जाने पर कि विधायक दल का नया नेता चुनने में इतना समय क्यों लग रहा है, तो रंधावा ने कहा कि अगर आप एक गांव का सरपंच चुनते हैं तो उसमें भी कभी-कभी 20 दिन लग जाते हैं।

कैप्टन पर वार: मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले अमरिंदर सिंह पर इशारों-इशारों में निशाना साधते हुए रंधावा ने कहा कि एक मुख्यमंत्री तभी तक अपने पद पर रहता है जब तक उसकी पार्टी और राज्य की जनता उसके साथ खड़ी होती है।

इस्तीफे से पहले अमरिंदर ने सोनिया को लिखा पत्र: पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से पहले अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर हालिया घटनाक्रमों को लेकर पीड़ा व्यक्त की और इस बात को लेकर चिंता जताई कि इन घटनाक्रमों से राज्य में अस्थिरता आ सकती है। सिंह ने शनिवार को सोनिया गांधी को पत्र लिखा और पद छोड़ने के फैसले से उन्हें अवगत कराया पत्र में उन्होंने कहा, ‘‘व्यक्तिगत पीड़ा के इतर, मैं आशा करता हूं कि राज्य में बहुत मुश्किल से मिली शांति और विकास को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचे तथा सभी के लिए न्याय सुनिश्चित करने का वो प्रयास निर्बाध रूप से जारी रहे, जो मैं पिछले कुछ वर्षों से कर रहा था।