Mainpuri By-election: मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव (Mainpuri By election) में समाजवादी पार्टी की तरफ से कई तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। अब एक वायरल हो रही सूची को लेकर बबाल मचा हुआ है। यह कथित सूची चुनाव के दौरान पुलिस कर्मियों की तैनाती को लेकर है।

सोशल मीडिया पर इस सूची के वायरल होने के बाद सवाल उठने लगे हैं। जिसको लेकर कहा जा रहा है कि मैनपुरी उपचुनाव में एक भी यादव और मुस्लिम पुलिस वाले की ड्यूटी नहीं लगाई गई है। सूची एटा के पुलिस अधीक्षक के नाम से है। वायरल लिस्ट में करीब 500 पुलिस कर्मियों के नाम शामिल हैं। साथ में एक कॉलम में पुलिस कर्मियों की जाति भी मेंशन की गई है। जिसमें कोई भी पुलिस कर्मी यादव और मुस्लिम नहीं है।

अब इस सूची पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने हंगामा शुरू कर दिया है। सपा की तरफ से सवाल उठाए जा रहे हैं कि यह सब चुनाव में धांधली को लेकर किया जा रहा है।

इसको लेकर समाजवादी पार्टी के जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी यहां से बुरी तरह हार रही है, इसलिए बीजेपी तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि मैनपुरी के पुलिस कप्तान जिले के थानाध्यक्षों यह कहकर छुट्टी पर भेज रहे हैं कि आप अस्वस्थ हैं। सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष नफीसुल हसन अंसारी ने कहा कि पुलिस का काम गलत काम को रोकना होता है। उन्होंने कहा कि यादव और मुस्लिम को अलग करने से यह साबित होता है कि बीजेपी अपनी जगह पर पूरी तरह गलत है।

सपा नेता राम गोपाल ने चुनाव आयोग से की शिकायत

वहीं समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के सांसद राम गोपाल यादव (SP MP Ram Gopal Yadav) ने बुधवार (30 नवंबर, 2022) को चुनाव आयोग में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मैनपुरी जिला प्रशासन के अधिकारियों पर अनुचित तरीके अपनाने के गंभीर आरोप लगाए।

सपा सांसद राम गोपाल यादव (SP MP Ram Gopal Yadav) ने कहा कि मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा अनियमितताओं के बारे में चुनाव आयोग को शिकायत की है। हमारे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है, ताकि वे एजेंट न बन सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि मैनपुरी सीडीओ ने प्रधानों और कोटेदारों से कहा कि अगर बीजेपी उनके मतदान केंद्रों पर नहीं जीती तो वे अपने पदों पर नहीं रहेंगे।

Live Updates