बिहार चुनाव के लिए वोटों की गिनती अभी लंबी चल सकती है, लेकिन तब तक कई अहम चेहरों की सीटों पर नजर बनी रहेगी। कांग्रेस के नेता शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा बांकीपुर विधानसभा सीट से पीछे चल रहे हैं। बीजेपी कैंडिडेट नितिन नवीन के खाते में अब तक 8419 वोट दर्ज किए गए हैं, जबकि लव सिन्हा को अब तक सिर्फ 2102 वोट मिले हैं। वोटों का इतना बड़ा अंतर होने के चलते लव सिन्हा के लिए मुश्किल बढ़ती नजर आ रही है। बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव 25396 वोटों के साथ जेडीयू कैंडिडेट के मुकाबले 2 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। हालांकि शुरुआती मतगणना के दौरान लालू प्रसाद यादव के बेटे पीछे चल रहे थे।
तेजप्रताप यादव के ससुर चंद्रिका राय करीब 6,000 वोटों से पीछे चल रहे हैं। परसा सीट पर अब तक हुई मतगणना में चंद्रिका राय को 24671 वोट मिले हैं, जबकि 30,005 वोटों के साथ आरजेडी कैंडिडेट छोटे लाल राय आगे चल रहे हैं। हालांकि शुरुआती काउंटिंग में चंद्रिका राय अपनी सीट पर आगे चल रहे थे और तेजप्रताप यादव पीछे थे, लेकिन समय के साथ रुझानों में तेजी से परिवर्तन देखने को मिला है।
महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव राघोपुर सीट से 8,000 वोटों से आगे चल रहे हैं। तेजस्वी यादव को अब तक 25874 वोट मिले हैं, जबकि बीजेपी के सतीश कुमार के खाते में अब तक 17337 वोट लेकर दूसरे नंबर पर हैं।
श्रेयसी सिंह ने बनाई बड़ी बढ़त: कॉमनवेल्थ गेम्स में शूटिंग में गोल्ड मेडल हासिल कर चुकीं श्रेयसी सिंह जमुई सीट से प्रतिद्वंद्वी के मुकाबले 9 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रही हैं। इतना बड़ा अंतर होने से यह कहा जा सकता है कि श्रेयसी सिंह जीत की ओर आगे बढ़ रही हैं। हालांकि उनके मुकाबले दूसरे नंबर पर निर्दलीय उम्मीद सुजाता सिंह हैं, जबकि आरजेडी कैंडिडेट विजय प्रकाश तीसरे नंबर पर चल रहे हैं।
बाहुबली अनंत सिंह चल रहे हैं आगे: मोकामा सीट से बाहुबली और चुनाव से पहले आरजेडी का हिस्सा हुए अनंत कुमार सिंह बड़े अंतर से आगे चल रहे हैं। उनके खाते में अब तक 22088 वोट दर्ज किए गए हैं, जबकि जेडीयू कैंडिडेट राजीव लोचन नारायण सिंह को अब तक 10,120 वोट ही मिले हैं। इस अंतर से साफ है कि अनंत कुमार सिंह जीत की ओर आगे बढ़ रहे हैं। पटना साहिब से नीतीश सरकार में मंत्री नंदकिशोर यादव आगे चल रहे हैं।