कर्नाटक के बेंगलुरु से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक 64 साल की पूर्व शिक्षिका को आठ लाख रुपये की कीमत का सोना चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया है। महिला पर आरोप है कि उसने जनवरी में राजाजीनगर आयोजित किए गए ज्वेलरी फेयर से आठ लाख रुपये का सोना चुराया था। पुलिस कमिश्नर बी दयानंद ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान ज़ाहिरा फ़ातिमा के रूप में की गई है। वह उदयगिरि, मैसूर की रहने वाली है।
पुलिस ने बताया कि ज़ाहिरा फ़ातिमा को तीन मार्च को रेस कोर्स रोड स्थित एक होटल से तीन मार्च को रंगे हाथ पकड़ा गया था, जब वो एक ऐसी ही चोरी करने जा रही थी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ज़ाहिरा फ़ातिमा सऊदी अरब में एक महिला टीचर के तौर पर काम कर चुकी है। वह साल 2019 में अपने पति की मौत के बाद भारत लौटी।
टीचर से क्यों बनी चोर?
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, भारत लौटने के बाद ज़ाहिरा फ़ातिमा मैसूर में अकेले रहने लगी। वह हार्ट से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रही थी, इसी वजह से उसने अपने इलाज के खर्चों को पूरा करने के लिए सोना चुराना शुरू कर दिया।
कैसे सामने आईं चोरी की वारदातें?
ज़ाहिरा फ़ातिमा द्वारा की गई चोरी उस समय सामने आई, जब शहर के एक जौहरी ने उसके खिलाफ डायमंड ब्रेसलेट और सोने की चूड़ियां चुराने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई। जौहरी का आरोप है कि ज़ाहिरा फ़ातिमा ने राजाजीनगर में तीन दिनों तक चले ज्वेलरी फेयर में 18 जनवरी को चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस शिकायत के बाद पुलिस ने ज़ाहिरा फ़ातिमा की गतिविधियों पर नजर रखी और 3 मार्च को एक ऐसे ही गोल्ड फेयर में उसके आने की आशंका को देखते हुए अधिकारियों को तैनात किया।
महिला को कैसे मिलती थी ज्वेलरी फेयर की जानकारी?
पुलिस के अनुसार, ज़ाहिरा फ़ातिमा ज्वेलरी फेयर के बारे में फेसबुक विज्ञापनों के जरिए पता लगाती थी। उसने बाद में ऐसे कार्यक्रमों की जानकारी देने वाला एक व्हाट्स एप ग्रुप भी ज्वाइन किया। यहां मिलने वाली जानकारी के बाद ही वो चोरी करने की प्लानिंग करती थी। सुब्रमण्य नगर पुलिस ने बाद में महिला के घर पर छापा भी मारा और सोने की चूड़ियां व डायमंड ब्रेसलेट भी रिकवर किया। उन्होंने महिला के पास से मैसूर के एक अन्य जौहरी के यहां से चुराए गए आइटम भी बरामद किए। अब बेंगलुरु की एक कोर्ट ने महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की जांच की जा रही है।
‘बेंगलुरु’ नाम कैसे पड़ा? जानिए इस शहर के नाम की दिलचस्प कहानी