Satyendra Jain in Tihar Jail: दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन (Satyendra Jain) इन दिनों तिहाड़ जेल में बंद हैं, लेकिन सत्येंद्र जैन के कई वीडियो सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रविवार (27 नवंबर, 2022) को आम आदमी पार्टी (AAP) के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि सत्येंद्र जैन को जेल के सेल के अंदर मालिश, विशेष भोजन और फिर हाउस कीपिंग सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। सत्येंद्र जैन के तिहाड़ जेल से तीन अलग-अलग वीडियो सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने यह दावा किया है।
बीजेपी (BJP) दिल्ली ने ट्वीट किया, “पहला: तिहाड़ स्पा सेवाएं, दूसरा: तिहाड़ फूड डिलिवरी सेवाएं, अब: तिहाड़ होटल एंड रूम सर्विस…शाबाश आप…तिहाड़ बन गया सत्येंद्र का दरबार।”
इससे पहले दिन में एमसीडी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन आम आदमी के हितों के खिलाफ काम करने वाली आप सरकार के कारण दिल्ली का कोई विकास नहीं हो रहा है। नड्डा ने ‘आप’ नेता और दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन को तिहाड़ जेल में ‘वीआईपी ट्रीटमेंट’ मिलने को लेकर हुए विवाद पर अरविंद केजरीवाल सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने तिहाड़ जेल में जैन के मालिश करने के कथित वीडियो का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘स्वास्थ्य के क्षेत्र में उन्होंने (आप) अच्छा काम किया है और तिहाड़ में एक मसाज केंद्र खोला है।’’
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जैन बचाव में उतरते हुए कहा था कि जेल में रीढ़ की हड्डी में चोट के कारण जैन का एक फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा इलाज किया जा रहा है। सिसोदिया की इस प्रतिक्रिया पर नड्डा ने कहा, ‘उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी अच्छा काम किया है और एक बलात्कारी को थेरेपिस्ट बना दिया है।’
नड्डा दिल्ली के वजीरपुर में लोगों के घर-घर गए और आगामी नगर निगम चुनाव में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की और पार्टी के घोषणा पत्र की प्रतियां लोगों को दी। बता दें, 2007 से भाजपा शासित तीन पूर्व नगर निगमों को केंद्र द्वारा इस वर्ष की शुरुआत में एक किया गया था। एकीकृत दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में 250 वार्ड हैं। वहीं एमसीडी चुनाव 4 दिसंबर को होंगे और वोटों की गिनती 7 दिसंबर को होगी।