Remark on President Draupadi Murmu: पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री अखिल गिरी का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लुक पर टिप्पणी करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी टीएमसी पर लगातार हमलावर है। दिल्ली में भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने राष्ट्रपति मुर्मू पर अपमानजनक बयान देने के लिए टीएमसी नेता अखिल गिरि के खिलाफ नॉर्थ एवेन्यू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करायी है।

शिकायत दर्ज कराने पहुंची भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने कहा, “अखिल गिरि ने द्रौपदी मुर्मू जी को सिर्फ 11 नवंबर को ही नहीं बल्कि इससे पहले 27 अक्टूबर को भी उन्होंने मुर्मू जी का अपमान किया था और अभी तक ममता बनर्जी जो खुद एक महिला हैं फिर भी उन्होंने इस पर कोई बयान नहीं दिया है।” चटर्जी ने आईपीसी और एससी-एसटी अधिनियम की धाराओं के तहत गिरि के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और FIR दर्ज करने का अनुरोध किया है।

माफी की उठाई मांग: भाजपा सांसद ने आगे कहा, “अगर ये यूपी में होता तो ममता बनर्जी और उनके नेता कैंडल मार्च करते। ममता बनर्जी को इस पर बोलना चाहिए और उन्हें तुरंत अखिल गिरि को बर्खास्त करना चाहिए।” उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी को बयान देना चाहिए। अखिल गिरी उनकी सरकार में मंत्री हैं, सीएम ममता को उन्हें तुरंत बर्खास्त कर देना चाहिए और दिल्ली आकर माफी मांगनी चाहिए। एससी-एसटी समुदाय पर सार्वजनिक रूप से बहुत कुछ कह सकते हैं लेकिन यह उनके मंत्रियों की वास्तविक भावना है।”

NCW को पत्र लिखकर की थी शिकायत: इससे पहले भाजपा सांसद सौमित्र खान ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) को पत्र लिखकर अखिल गिरि को तुरंत गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। इसके साथ ही राष्ट्रपति मुर्मू पर उनकी आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए गिरी को विधायक पद से भी बर्खास्त करने का अनुरोध किया।

अखिल गिरि ने दी थी सफाई: जिसके बाद इस मामले पर सफाई देते हुए अखिल गिरि ने कहा था कि मैं राष्ट्रपति का सम्मान करता हूं। मैंने पोस्ट का जिक्र किया और शुभेंदु अधिकारी को जवाब देने के लिए तुलना की थी। मैंने किसी का नाम नहीं लिया था। उन्होंने कहा था, “मैं एक मंत्री हूं, पद की शपथ ली है। अगर मेरे खिलाफ कुछ कहा जाता है, तो यह संविधान का अपमान है।”