Mathura Police: उत्तर प्रदेश पुलिस (UP Police) अपने अजीबोगरीब चीजों के लिए जानी जाती है। संदिग्ध अपराधियों के साथ मुठभेड़ के दौरान हुई ठगी की घटना से लेकर थानों में रखे ड्रग्स को खाने वाले चूहों की घटना तक के लिए।

ताजा मामला मथुरा (Mathura) का है। यहा पुलिस ने कोर्ट में रिपोर्ट दाखिल कर बताया है कि मालखाने में रखा गया 581 किलो गांजा चूहे खा गए। पुलिस अधिकारियों ने अदालत को आगे बताया कि चूहे आकार में छोटे होते हैं और पुलिस से नहीं डरते। पुलिस की ओर से पेश हुए विशेष लोक अभियोजक ने अदालत को बताया कि प्रतिबंधित सामग्री (गांजा) को चूहों ने साफ कर दिया।

इस बीच अदालत ने मामले में सुनवाई की अगली तारीख 26 नवंबर तय की है और पुलिस अधिकारियों को सबूत देने का आदेश दिया है। साथ ही एसएसपी को चूहों से बचाव करने का निर्देश दिया है। बता दें, गांजे की इतनी बड़ी खेप मथुरा पुलिस ने दो मामलों में जब्त की थी। इसके बाद थाने के मालखाने में इसको साक्ष्य के तौर पर रखा गया। थानों के गोदामों में रखा 581 किलो गांजा करीब 60 लाख रुपये का बताया जा रहा है।

दरअसल, मामला मथुरा के दो थानों शेरगढ़ और हाईवे थाना पुलिस से जुड़ा हुआ है। इस रिपोर्ट को पढ़ने के बाद हर कोई हैरान है। इस साल की शुरुआत में मथुरा की एक अदालत ने टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS)1985 के तहत दायर एक मामले के तहत पुलिस द्वारा जब्त किए गए मादक पदार्थों को पेश करने के लिए शहर की पुलिस को आदेश दिया था।

शेरगढ़ और हाईवे थाना पुलिस ने साल 2018 में 386 और 195 किलो गांजा कुछ आरोपियों के साथ पकड़ा था। इसके बाद गांजे को मालखाने में जमा करा दिया गया था। पुलिस ने सबूत के तौर पर गांजे का सैंपल भी कोर्ट में पेश किया था। इसके बाद एडीजे सप्तम संजय चौधरी ने पुलिस को आदेश दिया कि गांजे की पूरी खेप को कोर्ट में सील मुहर के साथ प्रस्तुत किया जाए। इसके बाद पुलिस का जवाब चौंकाने वाला था। पुलिस ने कोर्ट में रिपोर्ट लगाई कि सारा गांजा चूहे खा गए। ऐसे में उसे कोर्ट में पेश नहीं किया जा सकता है।