Lumpy virus: राजस्थान में गोवंशों में फैल रहे लंपी वायरस से स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इस वायरस की रोकथाम को लेकर भाजपा ने सवाई माधोपुर में कलेक्ट्रेट के सामने अनोखा प्रदर्शन किया। राजस्थान प्रदेश मंत्री जितेंद्र गोठवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता ने कलेक्ट्रेट के सामने गौवंश के साथ घेराव किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने गहलोत सरकार की सद्बुद्धि के लिए हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे भाजपा नेताओं ने गोवंश की आरती उतारने के बाद लम्पी की रोकथाम को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की। गोठवाल ने कहा कि सवाई माधोपुर के साथ पूरे राजस्थान में गौवंश पर लम्पी वायरस का कहर बढ़ रहा है। इसकी चपेट में आने से अबतक हजारों गौवंशों की मौत हुई है।
गोठवाल ने कहा कि इस वायरस की रोकथाम के लिए प्रदेश की गहलोत सरकार गंभीर नजर नहीं आ रही है। जहां लंपी गोवंशों की जान ले रहा है वहीं सीएम अशोक गहलोत ग्रामीण ओलंपिक खेल रहे हैं। अशोक गहलोत लंपी वायरस कुछ बोलने से बच रहे हैं। बता दें कि प्रदर्शन के बाद भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें लंपी वायरस को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। भाजपा ने मांग की गोवंशों को बचाने के लिए टीकाकरण, दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएं।
गोठवाल ने कहा कि अगर सरकार इस खतरनाक वायरस को रोकने के लिए जरुरी कदम नहीं उठाती है तो हम सड़कों पर उतरेंगे और राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे।
लंपी वायरस के लक्षण:
इस वायरस के चपेट में आने वाले गोवशों में तेज बुखार और शरीर पर फफोले बने रहते हैं। वहीं गायों की दूध की मात्रा में कमी देखने को मिलती है। इसके अलावा पशुओं के पैरों में सूजन और चलने में दिक्कत होती है। इस वायरस का अधिक असर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में देखा जा रहा है। वहीं अन्य राज्यों में भी गोवंश इसकी चपेट में आए हैं। इस वायरस के चलते देशभर में अबतक 52 हजार से अधिक पशुओं की मौत हो चुकी है।