मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार (26 अप्रैल) को कर्नाटक के बेलगावी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस को खत्म करने के अभियान में लगे हैं। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी नेता शिवराज सिंह चौहान बेलगावी के रामदुर्ग विधानसभा क्षेत्र प्रचार के लिए पहुंचे थे।
कांग्रेस को खत्म करने के अभियान में लगे हैं राहुल गांधी- शिवराज सिंह चौहान
बेलगावी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “आजादी के बाद महात्मा गांधी ने कांग्रेस पार्टी को खत्म करने की बात कही थी लेकिन जवाहरलाल नेहरू ने उनकी बात नहीं मानी और कांग्रेस को एक राजनीतिक पार्टी बना दिया। नेहरू ने महात्मा गांधी की बात नहीं मानी लेकिन राहुल गांधी ने कहा कि मैं बापू की बात मानूंगा और कांग्रेस को खत्म कर दूंगा। कांग्रेस को खत्म करने के अभियान में लगे हैं राहुल गांधी।”
कर्नाटक में बीजेपी के पक्ष में रोड शो करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल तुष्टिकरण की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पहचान सिर्फ ट्रिपल-सी (3-C) यानी करप्शन, क्राइम और कमीशन है।
सीएम शिवराज ने यह भी कहा कि बीजेपी की पहचान कनेक्टिविटी, रोड कनेक्टिविटी, एयर कनेक्टिविटी है। बीजेपी की पहचान स्वच्छता, डेवलपमेंट, विकास और पूंजी का निर्माण है। चुनावी रैली के दौरान शिवराज सिंह ने यहां तक कह दिया कि राहुल गांधी की बुद्धि पांच साल की है। इसके साथ ही उन्होंने मौजूदा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को ‘बली का बकरा’ करार दिया।
राजनाथ सिंह की बेलगावी में चुनावी जनसभा
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी बुधवार को कर्नाटक के बेलगावी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की तारीफ की और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। बेलगावी में राजनाथ सिंह ने कहा, “जब भी कांग्रेस सत्ता में आई है, भ्रष्टाचार बढ़ा है। हर बार जब केंद्र में उनकी सरकार है तो पार्टी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं।” उन्होंने कहा, “पिछले नौ वर्षों से केंद्र में भाजपा सत्ता में है। न तो हमारे प्रधानमंत्री और न ही किसी मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप है।”
कर्नाटक में मुस्लिमों के 4 फीसदी आरक्षण को खत्म करने पर रक्षामंत्री ने कहा, “कांग्रेस ने धर्म के आधार पर आरक्षण देकर भारत के संविधान की अवमानन की। 1975 में मनमाने तरीके से संविधान में संशोधन कर आपातकाल लगाकर लाखों की संख्या में लोगों को जेल में डाल दिया। भाजपा कभी ऐसा पाप नहीं कर सकती चाहे सत्ता मिले या न मिले।”