Tej Pratap Yadav: जनशक्ति जनता दल के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने कोलंबिया यात्रा के दौरान भारत के लोकतंत्र पर हमले के राहुल गांधी के दावे पर टिप्पणी की है। तेजप्रताप यादव ने कहा कि राहुल गांधी का भारत से मन ऊब गया होगा।

तेज प्रताप ने कहा, “हो सकता राहुल गांधी को विदेश ज्यादा पसंद आ गया होगा। उनका अब भारत से मन ऊब गया होगा। बिहार की मिट्टी से उनका मन ऊब गया। हो सकता है कि वह तरोताजा होने के लिए विदेश गए हों। जब वह लौटेंगे तो आप उनके चेहरे पर ताजगी देखेंगे।”

शुक्रवार को कोलंबिया के ईआईए विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में बोलते हुए राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा था। राहुल गांधी ने कहा था कि भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती लोकतंत्र पर हमला है।

राहुल गांधी ने कहा, “भारत के पास इंजीनियरिंग और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में मजबूत क्षमताएं हैं, इसलिए मैं देश को लेकर बहुत आशावादी हूं। लेकिन साथ ही, भारत के ढांचे में कुछ खामियां भी हैं जिन्हें ठीक करना होगा। सबसे बड़ी चुनौती भारत में लोकतंत्र पर हो रहा हमला है।”

कांग्रेस नेता ने तर्क दिया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था विविधता के लिए महत्वपूर्ण है, जो विभिन्न परंपराओं, रीति-रिवाजों और विचारों, जिनमें धार्मिक मान्यता भी शामिल हैं, उनको पनपने का अवसर देती है। हालांकि, उन्होंने आगे कहा कि भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला हो रहा है, जो एक “बड़ा जोखिम” या ख़तरा है।

गांधी ने कहा कि भारत में अनेक धर्म, परंपराएं और भाषाएं हैं – वास्तव में, यह देश मूलतः इन सभी लोगों और संस्कृतियों के बीच संवाद का एक माध्यम है। विभिन्न परंपराओं, धर्मों और विचारों को स्थान की आवश्यकता होती है, और उस स्थान को बनाने का सबसे अच्छा तरीका लोकतांत्रिक व्यवस्था है।

उन्होंने आगे कहा कि इस समय, इस लोकतांत्रिक व्यवस्था पर व्यापक हमला हो रहा है, और यह एक बड़ा ख़तरा है। एक और बड़ा ख़तरा देश के विभिन्न हिस्सों में विभिन्न अवधारणाओं के बीच तनाव है। 16-17 प्रमुख भाषाओं और अनेक धर्मों के साथ, इन विविध परंपराओं को पनपने देना और उन्हें आवश्यक स्थान देना बेहद ज़रूरी है।

भाजपा का पलटवार

राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने उन्हें लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा (LoP) बताते हुए कहा कि राहुल गांधी बार-बार विदेशी मंचों से भारत की संस्थाओं और सेना पर सवाल उठाकर देश का अपमान करते हैं। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी मोदी विरोध और बीजेपी विरोध की राजनीति करते-करते अब विदेश की जमीन पर भी भारत को बदनाम करने लगे हैं।”

यह भी पढ़ें- विदेश में भारतीय लोकतंत्र पर फिर बोले राहुल गांधी, BJP ने बताया- लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा

पूनावाला ने आगे कहा कि राहुल गांधी वही नेता हैं जिन्होंने सेना पर बयान दिए थे और कोर्ट से फटकार खाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी चुनाव हारने के बाद चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं और अब लोकतंत्र पर हमले की बात कर रहे हैं, जबकि असल में परिवारवाद ही लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला करता रहा है।

अभिनेत्री कंगना रनौत का हमला

बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने भी राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं और वे भारत की जनता को गलत तरीके से पेश करते हैं। कंगना ने कहा, “वह कहते हैं कि भारत के लोग झगड़ालू हैं, ईमानदार नहीं हैं। अगर ऐसा है तो इसका मतलब वह कहना चाहते हैं कि भारत की जनता बेवकूफ है, इसीलिए मैं उन्हें देश के लिए शर्मनाक मानती हूं। वे हमेशा देश को नीचा दिखाते हैं और देश भी उनसे शर्मिंदा है।”

यह भी पढ़ें- तेजस्वी यादव को घोषित करें CM चेहरा, महागठबंधन में किसने की ये मांग?