आम आदमी पार्टी ने पहली बार चंडीगढ़ नगर निगम (Chandigarh Municipal Corporation) का चुनाव लड़ा और पहली बार जीत का परचम लहरा दिया। इस चुनाव में बीजेपी दूसरे नंबर रही, जबकि कांग्रेस तीसरे स्थान पर लुढ़क गई। चुनाव के नतीजों बीजेपी के लिए अच्छी बात यह रही है कि वह भले ही सीटों की संख्या के मामले में AAP से पिछड़ गई हो, लेकिन वोट प्रतिशत के मामले में उससे थोड़ी बेहतर रही है। चुनाव के नतीजे क्या रहे, किस पार्टी को कितनी सीटें मिलीं, ये हम आपको बाद में बताएंगे, लेकिन सबसे पहले हम आपको बताएंगे बीजेपी के उस कैंडिडेट के बारे में जिसको Chandigarh Municipal Corporation Election में सबसे अमीर बताया गया और वह जीतने में भी सफल रहे।
बीजेपी के टिकट पर जीत का भगवा फहराने वाले इस उम्मीदवार का नाम है- अनूप गुप्ता। अनूप गुप्ता पहली बार म्युनिसिपल इलेक्शन में लड़े। उन्हें बीजेपी ने वॉर्ड नंबर 11 से मैदान में उतारा था। वॉर्ड नंबर 11 में चंडीगढ़ के सेक्टर- 18, 19 और 21 आते हैं।
करोड़पति अनूप गुप्ता पूर्व बीजेपी काउंसलर राजेश गुप्ता के बेटे हैं और बिजनेसमैन हैं। इन्होंने चुनाव के लिए भरे गए नामांकन में अपनी संपत्ति 45 करोड़ बताई थी। अनूप गुप्ता की उम्र 38 साल है।
चंडीगढ़ चुनाव में लड़े ये करोड़पति उम्मीदवार
अनूप गुप्ता के अलावा इस चुनाव में कई और करोड़पति उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में उतरे। इनमें कांग्रेस की हरप्रीत कौर बबला (32 करोड़ संपत्ति), कांग्रेस के विजय सिंह राणा (26 करोड़), बीजेपी की नीतिका गुप्ता (10 करोड़), कांग्रेस की बलविंदर कौर (35 करोड़ ) शामिल हैं।
करोड़पति हारे या जीते? देखें नतीजे
वार्ड नंबर-10 से हरप्रीत कौर बबला ने 3103 वोटों से जीत दर्ज कर ली है। वार्ड 5 से कांग्रेस की दर्शना ने भाजपा की नीतिका गुप्ता को 2737 वोट से हरा दिया। वहीं, वार्ड 33 से भाजपा के कंवरजीत सिंह ने कांग्रेस के करोड़पति कैंडिडेट विजय सिंह राणा को 742 वोट से हरा दिया। वार्ड 22 से आम आदमी पार्टी की अंजू कत्याल ने भाजपा की हीरा नेगी और कांग्रेस की बलविंदर कौर को हरा दिया।
क्या रहे चंडीगढ़ चुनाव के नतीजे?
चंडीगढ़ म्युलिसिपल इलेक्शन में 35 सीटों पर हुए चुनाव में 14 सीटों पर AAP जीतकर नंबर बनी, जबकि BJP को 12, Congress को 8 और SAD को 1 सीट पर जीत मिली है।
संयोग देखिए कि पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में गठबंधन के लिए सोमवार को कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अमित शाह के साथ मुलाकात की और इसी दिन चंडीगढ़ म्युनिसिपल इलेक्शन के रिजल्ट भी आ गए। इन चुनावों में आप सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि बीजेपी दूसरे नंबर पर रही है। वोट शेयर के मामले में बीजेपी आगे रही, जबकि कांग्रेस का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा। निगम चुनावों में जीत के बाद अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट की खुशी जताई। उन्होंने लिखा, ”चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी की ये जीत पंजाब में आने वाले बदलाव का संकेत है। चंडीगढ़ के लोगों ने आज भ्रष्ट राजनीति को नकारते हुए AAP की ईमानदार राजनीति को चुना है।”
