पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की राहें अब कांग्रेस से भले ही अलग हो गई हो, लेकिन राज्य की राजनीति में कैप्टन बनाम सिद्धू का विवाद अभी भी जारी है। कैप्टन की नई पार्टी बनाने की घोषणा के बाद अब सिद्धू ने हमले और तेज कर दिए हैं। ताजा आरोपों में सिद्धू ने कहा कि कैप्टन ही कृषि कानूनों के सूत्रधार हैं।

ट्विटर पर एक वीडियो शेयर कर सिद्धू ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि अमरिंदर सिंह ही केंद्र के तीन कृषि कानूनों के “वास्तुकार” है। कैप्टन अंबानी और बीजेपी के एजेंट हैं। सिद्धू की यह टिप्पणी उसके बाद आई है जब अमरिंदर सिंह ने कहा था कि वह अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी शुरू करेंगे और उन्हें भाजपा के साथ गठबंधन कर सकते हैं। बशर्ते कि कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के आंदोलन को किसानों के हित में हल किया गया जाए।

सिद्धू ने कहा- “तीन काले कानूनों के निर्माता? अंबानी को पंजाब की किसानी में कौन लाया? पंजाब के किसानों, छोटे व्यापारियों और श्रमिकों को किसने नष्ट किया।” सिद्धू ने अमरिंदर सिंह का एक पुराना वीडियो भी इन आरोपों के साथ अपलोड किया है। सिद्धू के इस ट्वीट पर कुछ देर बाद ही प्रतिक्रिया देते हुए अमरिंदर सिंह ने सिद्धू को धोखेबाज करार दिया।

अमरिंदर सिंह ने अपने मीडिया सलाहकार के हवाले से कहा कि आप मेरी 15 साल पुराने फैसले को कृषि कानूनों से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके खिलाफ मैं अभी भी लड़ रहा हूं। जिसके साथ मैंने अपना राजनीतिक भविष्य जोड़ दिया है।

आगे उन्होंने सिद्धू पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वीडियो को ऐसे समय में पोस्ट किया गया है, जब पंजाब सरकार अपने प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट की तैयारी कर रही है। उन्होंने सिद्धू से पूछा कि क्या आप इसका भी विरोध कर रहे हैं।

बता दें कि अमरिंदर सिंह ने पिछले महीने सिद्धू के साथ सत्ता संघर्ष के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद कांग्रेस ने अमरिंदर सिंह की जगह चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम की कुर्सी सौंप दी थी।