Punjab BJP Leader Balwinder Gill: पंजाब के अमृतसर में भाजपा नेता बलविंदर गिल पर रविवार देर रात जानलेना हमला हुआ है। हमलावरों ने उनके घर के बाहर गोली मारी है। गंभीर हालत में उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। भाजपा एससी मोर्चा के महासचिव गिल जंडियाला गुरु के ज्योतिसर स्थित अपने घर पर थे, तभी बाइक सवार दो हमलावर आए और उन पर गोलियां चला दीं। उनको स्थानीय केडी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना रात तकरीबन 9 बजे की है। बलविंदर सिंह ज्योतिसर इलाके में स्थित अपने घर पर मौजूद थे। तभी दो युवक बाइक पर आए। दोनों के चेहरे ढके हुए थे। बेटी को आवाज देकर पापा को बुलाने के लिए कहा। बेटी ने बलविंदर सिंह को आवाज दी तो वह बाहर आ गए। बाहर आते ही बाइक सवारों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दी।

जालंधर चुनाव प्रचार कर लौटे थे

गिल जालंधर लोकसभा उपचुनाव को लेकर काफी व्यस्थ थे। सूत्रों के मुताबिक वह हाल ही में जालंधर से वरिष्ठ नेता केवल कुमार के साथ चुनाव प्रचार कर लौटे थे। कुमार ने गिल को अमृतसर में उनके आवास के बाहर छोड़ा फिर वो चले गए थे।

बलविंदर गिल को आवास के बाहर मारी गई गोली

भाजपा नेता बलविंदर गिल को जंडियाला गुरु इलाके में आवास पर बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने गोली मारी। भाजपा नेता पर हमले को लेकर अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी सतेंद्र सिंह ने बताया, ‘लगभग 9 बजे के करीब गोली चलाई गई थी। गोली गिल के मुंह पर लगी थी। बदमाशों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस ने उनकी पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि अभी तक तो यही लग रहा था कि हमलावर एक ही था।

भाजपा नेताओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़े किए सवाल

भाजपा नेता ने गिल पर हमले की निंदा की है। साथ ही राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। एसएसपी सिंह ने कहा कि वे इस समय अधिक जानकारी साझा नहीं कर सकते, लेकिन पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेगी।

केडी अस्पताल के डॉ. रणधीर ने बताया, ‘गोली लगने के बाद कल रात करीब 10 बजे उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गोली उनकी ठुड्डी पर लगी, उनके नीचे की हड्डी टूट गई। वो खतरे से बाहर हैं।