Priyanka Gandhi: बिहार चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने जनता को लुभाने के लिए दावे और वादे करने शुरू कर दिए हैं। इसी बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को पटना के सदाकत आश्रम में आयोजित ‘महिला संवाद’ में महिलाओं को संबोधित करते हुए कई वादे किए।
प्रियंका गांधी ने इस दौरान आशा, आंगनवाड़ी, किसान, मजदूर और अन्य व्यवसायों से जुड़ी महिलाओं से बात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारे गठबंधन ने तय किया है कि जो जरूरतमंद महिलाएं हैं, उनको 2500 रुपये हर महीने मिलेगा। आपके मानदेय की बात हम सब अच्छी तरह से समझ रहे हैं और आपके मानदेय और सम्मान को बढ़ाने के लिए हम हर काम करेंगे।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कई महिलाओं ने अपने और बच्चों के स्वास्थ्य की बात की। हमने तय किया है कि जिस तरह से कांग्रेस सरकार ने राजस्थान में 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा जारी किया था। उस तरीके से बिहार में भी हम उसे लागू करेंगे। प्रियंका गांधी ने कहा कि इसका मतलब है कि 25 लाख रुपये तक कोई भी स्वास्थ्य सुविधा चाहें वो सर्जरी, दवा या फिर कोई और वो आपको मुफ्त में मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य बीमा इसलिए है कि आपको अपने, अपने बच्चों और परिजनों के स्वास्थ्य के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ेगा।
प्रियंका गांधी ने इसके साथ ही कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हमने यह भी तय किया है कि भूमिहीन परिवारों को 3-5 डिसमिल जमीन दिलवाएंगे। साथ ही इस जमीन का मालिकाना हक महिलाओं को दिया जाएगा। ताकि जमीन आपके नाम हो और जमीन आपकी हो। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यह आपकी शक्ति और सम्मान है जिसे हम पहचान और समझ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- भाजपा का दूसरा नाम ‘पेपर चोर’, उत्तराखंड के युवाओं के साथ मजबूती से खड़ा हूं: राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद ने कहा कि हमें अपनी ताकत पहचाननी होगी, हमें एकजुट होना होगा। हमें देखना होगा कि कौन सी पार्टी, कौन सा गठबंधन हमें सम्मान दे रहा है। सम्मान का मतलब चुनाव से 10 दिन पहले 10,000 रुपये देना नहीं है। यह हमें खरीदने की कोशिश है। प्रियंका गांधी ने कहा कि आपको सम्मान तब मिलेगा जब आपको मासिक मानदेय मिलेगा, जब आप सशक्त होंगी, जब बेटियां सुरक्षित महसूस करेंगी। भाजपा सरकार आपको यह सम्मान कभी नहीं देगी। हमारा गठबंधन आपके मानदेय को अच्छी तरह समझता है और हम इसे बढ़ाने के लिए काम करेंगे।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने NDA की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना पर कहा कि वे चुनाव से पहले अब क्यों जागे हैं? उनकी सरकार 20 साल से सत्ता में है, 20 सालों में उन्होंने महिलाओं के लिए क्या किया? जिस मानदेय के लिए ये महिलाएं इतना संघर्ष कर रही हैं, उसके लिए इन्होंने(NDA) पहले कुछ क्यों नहीं किया? वे अभी 10,000 रुपये दे रहे हैं, क्या वे इसे हर महीने देंगे? वे इसे किसे देंगे? सिर्फ इसलिए कि चुनाव आ रहे हैं, वे एक योजना बनाते हैं और पैसे देते हैं। समझते हैं कि इससे महिलाओं के वोट मिल जाएंगे, लेकिन महिलाएं समझदार हैं, जिम्मेदार हैं… वे समझती हैं कि यह कैसी योजना है।
यह भी पढ़ें- ‘उनके द्वारा किया गया त्याग आज के समय में दुर्लभ है…’, रोहिणी आचार्य को लेकर बोले तेजस्वी यादव