कांग्रेस पर लगातार हमले करने के बाद भाजपा अब सोनिया गांधी को उनके ही ‘घर’ रायबरेली में घेरने की तैयारी कर रही है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार 16 दिसंबर को यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली जाएंगे। मोदी रायबरेली में सोनिया के ड्रीम प्रोजेक्ट रेल कोच फैक्ट्री का जायजा लेंगे और कई योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।

2019 की तैयारी माना जा रहा यह दौरा
पीएम मोदी अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में पहली रायबरेली जा रहे हैं। उनकी यह यात्रा आगामी लोकसभा चुनावों से जोड़कर देखी जा रही है। कांग्रेस के लिए रायबरेली की सीट काफी अहम है। सोनिया गांधी 2004 से इस सीट से सांसद हैं। वे प्रचंड मोदी लहर में भी अपनी इस सीट को बचाने में कामयाब रही थीं, लेकिन 2019 में सोनिया को उनके ही घर में मात देने के लिए मोदी ने नया प्लान बनाया है। इसके तहत सोनिया के ड्रीम प्रोजेक्ट रेल कोच फैक्ट्री को लेकर मोदी सरकार कई घोषणाएं कर सकती है।

कोच फैक्ट्री पर सियासत
यूपीए-1 की सरकार में रेलवे कोच फैक्ट्री का निर्माण किया गया था। हालांकि, बीजेपी का आरोप है कि 2014 तक इस फैक्ट्री में कोई भी कोच नहीं बनाया गया। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था कि 2007 से 2014 तक यूपीए सरकार ने फैक्ट्री पर ध्यान ही नहीं दिया। मोदी सरकार ने कोच फैक्ट्री को शुरू किया। फैक्ट्री इस साल करीब 700 कोच बनाने के लिए तैयार है। वहीं, अगले दो साल में 3 हजार कोच बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा
योगी सरकार के मंत्री महेंद्र सिंह रविवार को रायबरेली पहुंचे। उन्होंने जिले के आला-अधिकारियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया। महेंद्र सिंह से पहले मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय भी रायबरेली गए थे। उन्होंने रेल फैक्ट्री और जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की थी।

 

अमेठी में राहुल को पहले ही घेर रही बीजेपी
बीजेपी सोनिया से पहले राहुल गांधी को भी घेरने की कोशिश कर चुकी है। इसके तहत 2014 के चुनाव में अमेठी सीट पर राहुल गांधी के मुकाबले स्मृति ईरानी को उतारा गया था। हालांकि, स्मृति चुनाव नहीं जीत पाईं, लेकिन बीजेपी को अच्छी-खासी बढ़त मिली थी। इसके बाद से भाजपा को इस सीट से काफी उम्मीद है। माना जा रहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भी स्मृति ईरानी अमेठी सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।