केंद्र सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में उपलब्धियों के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार की शाम सहारनपुर से यूपी मिशन 2017 की शुरुआत करेंगे। इस महत्त्वपूर्ण मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और पड़ोसी राज्य हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद रहेंगे। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक प्रधानमंत्री मोदी की सहारनपुर हवाइ अड्डे पर आगवानी करेंगे। सहारनपुर रेंज के डीआइजी डा. अशोक कुमार राघव ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह और राज्यपाल रामनाईक के कार्यक्रम की पुष्टि की है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उप्र के प्रभारी ओम माथुर सहारनपुर पहुंच गए हैं। एसपीजी के आइजी वीके जेठवा, मेरठ जोन के आइजी सुजीत पांडे, केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान, उप्र भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश भाजपा महामंत्री संगठन सुनील बंसल समेत तमाम आला अफसर और भाजपा के प्रमुख नेता सहारनपुर में कैंप किए हुए हैं।

बुधवार को प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान होने वाले प्रबंधों का रिहर्सल किया गया। सुरक्षा इंतजामों को पीएमओ और एसपीजी की देखरेख में अंतिम रूप दिया गया। भाजपा की उप्र इकाई के अध्यक्ष व फूलपुर के सांसद केशव प्रसाद मौर्य ने मोदी की रैली स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने के बाद कहा कि रैली के लिए सहारनुपर का चयन क्षेत्र के राजनीतिक महत्व को देखते हुए बहुत सोच-समझकर किया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की दो साल की उपलब्धियों से समाज का हर वर्ग लाभान्वित हुआ है। मौर्य ने कहा कि मोदी जिस तरह से दो साल में ही पूरी दुनिया में छा गए हैं उससे भारत और खासकर उप्र में उनकी लोकप्रियता और आकर्षण बेतहाशा बढ़ा है।

रैली में राजनाथ सिंह के शामिल होने संबंधी फैसला अंतिम समय में लिया गया। राजनाथ सिंह की मौजूदगी को भाजपा की रणनीति के खास पहलू के रूप में लिया जा रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उत्तराखंड के प्रमुख भाजपा नेताओं के रैली में शामिल होने के कारण हरियाणा और उत्तराखंड से भी बड़ी संख्या में लोग मोदी को सुनने आएंगे। महामंत्री सुनील बंसल ने दावा किया कि भाजपा विधानसभा चुनाव में 265 सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।

उधर, देवबंद के दलित नेता विनोद तेजयान बुधवार को साथियों समेत भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश अध्यक्ष मौर्य ने उनका पार्टी में स्वागत किया। दो दिन पहले ही पूर्व सांसद जगदीश राणा भाजपा में शामिल हुए थे।