अपने केन्द्रीय पुस्तकालय का नाम बदलकर भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखने का फैसला करने के बाद जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय :जेएनयू: अब अपने परिसर के मार्गों के नाम जवाहर लाल नेहरू और राम मनोहर लोहिया जैसे दूरदृष्टाओं के नाम पर बदलने की योजना बना रहा है। इस संबंध में फैसला पिछले सप्ताह विश्वविद्यालय के कार्यकारी परिषद :ईसी: की एक बैठक में किया गया। ईसी के एक सदस्य ने कहा, ‘‘परिसर के अंदर विभिन्न मार्गों का नाम बदलकर राम मनोहर लोहिया और जवाहरलाल नेहरू जैसे दूरदृष्टाओं के नाम पर रखने का फैसला किया गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘परिषद ने उनके नाम बदलने के लिए अपनी मंजूरी दे दी है लेकिन नामों पर अभी फैसला नहीं हुआ है। दूरदृष्टाओं की सूची पर फैसले के लिए एक समिति गठित की जा सकती है जिसके बाद सड़कों के नाम बदले जाएंगे।’’विश्वविद्यालय ने हाल में आरएसएस की छात्र शाखा एबीवीपी की मांग पर केन्द्रीय पुस्तकालय का नाम भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय रखने का फैसला किया था।