दिल्ली में 19 साल की लड़की की हत्या के बाद आलोचनाओं का सामना कर रहे दिल्ली पुलिस आयुक्त बी एस बस्सी ने आज कहा कि वह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ मुलाकात में पुलिस के कामकाज को लेकर गलत धारणाओं को दूर करने का प्रयास करेंगे।

केजरीवाल ने कल दिल्ली पुलिस को आड़े हाथ लेते हुए बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया था और इस मामले में बस्सी को मुलाकात के लिए बुलाया।

बस्सी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से उनसे मिलूंगा और हम एक दूसरे के विचारों को समझेंगे। संभावना है कि वह हमें कुछ उपयोगी बात बताएंगे और मैं उन्हें पुलिस के कामकाज को लेकर कुछ जानकारी दे सकता हूं क्योंकि मैं विभाग में 38 साल से काम कर रहा हूं।’’

बस्सी ने कहा, ‘‘पेशेवर पुलिस अधिकारी के तौर पर मेरी जिम्मेदारी है कि पुलिस व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की गलत धारणा दूर हो। अगर कोई गलत धारणा है तो मुझे मुलाकात में इसे दूर करने का अच्छा अवसर मिला है।’’

कई मुद्दों को लेकर आप सरकार के दिल्ली पुलिस से गतिरोध रहे हैं और पार्टी ने अपने दो विधायकों की गिरफ्तारी के बाद हमला तेज कर दिया है। पार्टी दिल्ली पुलिस पर पक्षपाती तरीके से काम करने का और राजनीतिक दबाव में आप विधायकों पर निशाना साधने का आरोप लगा रही है।

दिल्ली पुलिस को दिल्ली सरकार के अधीन करने की आप की मांग पर बस्सी ने कहा कि मौजूदा प्रशासनिक ढांचे में बदलाव की कोई जरूरत नहीं है। फिलहाल दिल्ली पुलिस सीधे तौर पर गृह मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में काम करती है।

बस्सी ने कहा, ‘‘फिलहाल व्यवस्था उचित है। इस तरह की प्रणाली में किसी बदलाव की कोशिश दिल्ली के नागरिकों के साथ अन्याय होगी और खतरनाक हो सकती है।’’

पुलिस आयुक्त ने कहा कि वह आलोचनाओं का स्वागत करते हैं क्योंकि उससे उन्हें काम में सुधार में मदद मिलती है। उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस की जिम्मेदारी है कि हर वर्ग के लोगों के साथ मिले और काम करे। हम इस संदर्भ में यह नहीं सोचते कि लोग किस वर्ग से जुड़े हैं। अब मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से अनुरोध किया गया है तो मैं निश्चित रूप से जाऊंगा और विचारों का आदान-प्रदान होगा।’’

आनंद पर्बत में लड़की की हत्या की घटना के बाद केजरीवाल ने कल उसके परिवार को पांच लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने इस मामले में मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया और बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए दिल्ली पुलिस को आड़े हाथ लिया।

लड़की की हत्या के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराते हुए आम आदमी पार्टी के सदस्यों ने आज पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और कहा कि पुलिस महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकाम रही है। बस्सी ने कहा कि मामले में जांच चल रही है।

इस बीच दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने भी आज लड़की के परिवार से मुलाकात की। उपाध्याय ने कहा, ‘‘यह शर्मनाक घटना है और नहीं होनी चाहिए थी। यह बहुत घना इलाका है जहां कई सारे छोटे छोटे घर हैं और कुछ बुरे तत्व भी रहते हैं जो महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते हैं।’’

उपाध्याय ने परिवार से मिलने के बाद संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री ने कल मीनाक्षी के परिवार से मुलाकात की थी लेकिन उन्होंने कहा था कि उन्हें पैसे की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘परिवार के अनुसार कुछ और लोग इसमें शामिल हैं और कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई की जरूरत है। इलाके में खासतौर पर यहां का माहौल देखते हुए अधिक संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात करने की भी जरूरत है।’’

उपाध्याय ने कहा, ‘‘विभिन्न परिवारों के लोगों की सोच को समझ पाना पुलिस के लिए मुश्किल काम है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष के तौर पर मैं दिल्ली पुलिस को और अधिक सतर्क रहने की सलाह दूंगा।’’

उन्होंने कहा कि लड़की के परिवार ने कहा है कि वे पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट हैं लेकिन और कार्रवाई की जरूरत है।
शहर में कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी के मुद्दे पर उन्होंने कहा, ‘‘यह केंद्र सरकार या राज्य सरकार का सवाल नहीं है। सवाल यह है कि कौन जिम्मेदार है तो वो खराब तत्व हैं।’’