दिल्ली के उपराज्यपाल ने आप पार्टी के विधायक और पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती पर मुकदमा चलाने की दी अनुमति दे दी है। आप सरकार के दृष्टिकोण को नजरंदाज करते हुए उपराज्यपाल नजीब जंग ने दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री और पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती पर मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी। जनवरी 2014 में दक्षिण दिल्ली में रात को एक छापे के दौरान अफ्रीकी महिलाओं के साथ कथित बदसलूकी करने के मामले में उनपर यह मुकदमा चलाया जाएगा।
उपराज्यपाल कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि उपराज्यपाल ने भारती पर मुकदमा चलाने के लिए पुलिस को मंजूरी दे दी है। गृह मंत्री सत्येंद्र जैन ने हाल में सुझाव दिया था कि भारती के खिलाफ मुकदमे की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।सूत्रों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जंग ने भारती के मुकदमे के लिए अपनी मंजूरी दे दी।
इस साल की शुरुआत में एक अदालत ने पुलिस को सक्षम प्राधिकारी से भारती के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी लेने को कहा था। उपराज्यपाल का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब उनके और अरविंद केजरीवाल सरकार के बीच टकराव उत्पन्न हो गया है और माना जा रहा है कि इससे दोनों के बीच गतिरोध और बढ़ेगा।
पिछले साल सितंबर में दाखिल अपने आरोपपत्र में पुलिस ने कहा था कि खिड़की एक्सटेंशन इलाके में नौ अफ्रीकी महिलाएं भारती की अगुवाई वाली एक भीड़ के बुरे बर्ताव और छेड़खानी का शिकार बनीं। संदिग्ध नशीले पदार्थ और वेश्यावृत्ति गिरोह के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर अपने समर्थकों के साथ भारती की 15-16 जनवरी की दरम्यानी रात अपने निर्वाचन क्षेत्र मालवीय नगर में पुलिस से भिड़ंत हो गयी।
भारती और उनके समर्थकों ने कथित तौर पर कुछ अफ्रीकी महिलाओं को रोक लिया था और धमकी दी थी। उस समय की केजरीवाल सरकार ने इसे मुद्दा बना लिया था और आप पार्टी के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पु्लिस अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग को लेकर नई दिल्ली में धरनें पर बैठ गए थे। उस समय गणतंत्र दिवस करीब था और जंहा पर केजरीवाल धरनें पर थे.वहीं से ही गणतंत्र दिवस की परेड गुजरनी थी। उस समय की कांग्रेस सरकार नें मामले को टालनें के मकसद से दो पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया था।
आप सरकार में उस समय मंत्री रहे भारती ने आरोपों से इंकार किया था। दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री आप के अकेले ऐसे विधायक नहीं हैं जो कानूनी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। नौ जून को आप सरकार में तत्कालीन कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर को फर्जी डिग्री रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। तोमर ने बाद में इस्तीफा दे दिया। जुलाई में कोंडली से आप विधायक मनोज कुमार को जालसाजी और भूमि कब्जा के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।