चुनावी मौसम में एक बार फिर से दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग उठेगी। इसके लिए आम आदमी पार्टी ने जमीनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पार्टी संयोजक गोपाल राय ने कहा कि चार साल में केंद्र सरकार ने दिल्ली की जनता के साथ अन्याय किया है और दिल्ली सरकार के हर काम में अड़चन डाली है। इसलिए आम आदमी पार्टी 23 फरवरी से लड़ाई की तैयारी शुरू करेगी। पार्टी के विधायकों से विचार- विमर्श के बाद 24 को पदाधिकारियों की बैठक में इस पर फैसला किया जाएगा।
गोपाल राय ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस दिल्ली के लोगों से वादे करते रहे हैं और उन्हें धोखा देते रहे हैं। इस समय दिल्लीवालों के वोट की कीमत देश के अन्य लोगों की तुलना में आधी है। यह दिल्ली के लोगों के साथ अन्याय है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद पार्टी ने सभी तथ्यों पर विचार किया है। उन्होंने बताया कि इस स्थिति का हल निकालने के लिए दिल्ली सरकार ने हर स्तर पर समाधान निकालने की कोशिश की, लेकिन दिल्ली के लोगों को न्याय नहीं मिला।
इसलिए अब आम आदमी पार्टी जनता की अदालत में जाएगी। राय ने कहा कि दिल्लीवालों से अधिक पैसा वसूलने के बावजूद केंद्र सरकार उसे केवल 325 करोड़ रुपए ही देती है, जबकि दूसरे राज्यों के लिए केंद्रीय सहायता अधिक है। उन्होंने कहा कि अब तक एसीबी दिल्ली सरकार के पास थी। इस पर भी केंद्र ने कब्जा कर लिया है। इसके अलावा दिल्ली के छात्रों का दिल्ली के कॉलेजों में ही दाखिला नहीं हो रहा। दिल्लीवालों ने भाजपा को सात सांसद दिए, लेकिन फिर भी वह उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
