राजधानी में डेंगू ही नहीं, चिकनगुनिया के मामले भी बढ़कर 2625 हो गए हैं। जानकारों के मुताबिक, चिकनगुनिया के मामलों में करीब डेढ़ सौ फीसद तक की बढ़ोतरी हो गई है, जिनमें से 1568 मामले पिछले एक हफ्ते में ही सामने आए हैं। दिल्ली नगर निगम की सोमवार को जारी साप्ताहिक रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में 17 सितंबर तक चिकनगुनिया के 2625 मामले सामने आए थे जो पिछले हफ्ते की तुलना में 150 फीसद अधिक हैं। दक्षिण दिल्ली नगर निगम के आकलन के मुताबिक दस सितंबर तक चिकनगुनिया के 1057 मामलों की पुष्टि हुई थी। राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में चिकनगुनिया के कारण कम से कम 15 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि एसडीएमसी और दिल्ली सरकार ने इन मौतों की अभी पुष्टि नहीं की है। तीन निगमों में से एसडीएमसी में 304 मामले रिकार्ड हुए, इसके बाद उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अंदर आने वाले इलाके में 244 मामले सामने आए और पूर्वी दिल्ली नगर निगम में 80 मामले सामने आए हैं। नगर निगम के क्षेत्र के बाहर वाले इलाकों से 1283 मामले दर्ज किए गए हैं।

इन मामलों में 1018 रोगियों के पते उपलब्ध नहीं हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे राज्यों से 714 मामले दर्ज हुए हैं। एम्स की प्रयोगशालाओं में रविवार तक चिकनगुनिया के 1748 खून के नमूनों में इसकी पुष्टि हो चुकी है। पिछले छह सालों में राष्ट्रीय राजधानी में चिकनगुनिया फैलने का सबसे बड़ा मामला है। नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक इससे पहले 2011 में प्रभावित लोगों की संख्या तीन अंकों तक पहुंची थी।