मेघालय के राज्यपाल गंगा प्रसाद ने नेशनल पीपल्स पार्टी के अध्यक्ष कोनराड संगमा को मंगलवार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने यहां राजभवन में 11 मंत्रियों को भी शपथ दिलाई। उधर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की त्रिपुरा इकाई के अध्यक्ष और नवनिर्वाचित विधायक बिप्लब कुमार देब को सर्वसम्मति से राज्य में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। वे राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। देब को नौ मार्च को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। पार्टी विधायक जिश्नु कुमार देबबर्मा उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। नगालैंड के राज्यपाल पीबी आचार्य ने एनडीपीपी के वरिष्ठ नेता नेफ्यू रियो को मंगलवार को प्रदेश का मुख्यमंत्री नियुक्त किया। वह यहां आठ मार्च को शपथ लेंगे। राजभवन के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।

संगमा के शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली भी मौजूद थे। संगमा वर्तमान में तूरा लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। एनपीपी अध्यक्ष ने रविवार को राज्यपाल से मुलाकात कर 60 सदस्यीय विधानसभा में 34 विधायकों के समर्थन के साथ सरकार बनाने का दावा पेश किया था। संगमा के मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नवनिर्वाचित विधायकों में प्रिस्टोन तिनसांग, कमिंगोन इंबोन, एस धर और मुख्यमंत्री के भाई जेम्स पीके संगमा शामिल हैं। ये सभी एनपीपी के विधायक हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल दलों के मंत्रियों के रूप में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के विधायक मेतबाह लिंगदोह, लखमेन रिंबुइ, किरमेन शाइला, पीपल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट के बेंतीदर लिंगदोह और हेमलेट दोहलिंग, हिल स्टेट पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के सामलिन मालंग्यिांग और भाजपा के एएल हेक ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। पहली बार विधायक बने 26 वर्षीय शाइला संगमा मंत्रिमंडल के सबसे युवा मंत्री हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संगमा को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है।

अगरतला: भारतीय जनता पार्टी की त्रिपुरा इकाई के अध्यक्ष और नवनिर्वाचित विधायक बिप्लब कुमार देब को सर्वसम्मति से राज्य में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने यह घोषणा की। गडकरी ने बताया कि देब त्रिपुरा के नए मुख्यमंत्री होंगे। पार्टी विधायक सुदीप राय बर्मन ने बैठक में देब के नाम का प्रस्ताव रखा। बैठक में आइपीएफटी का कोई विधायक मौजूद नहीं था। बिप्लब ने मंगलवार को ही राज्यपाल तथागत रॉय से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। गडकरी ने बताया कि जानेमाने आदिवासी नेता और त्रिपुरा शाही परिवार के सदस्य देबबर्मा उप मुख्यमंत्री होंगे।

कोहिमा: नगालैंड में राजभवन के सूत्र ने बताया कि आचार्य ने रियो को लिखे पत्र में उनसे 16 मार्च तक या इससे पहले सदन में बहुमत साबित करने को कहा है। राज्यपाल ने कहा कि उन्हें रियो का समर्थन करने वाले भाजपा के 12 विधायकों के, एक जद (एकी) और एक निर्दलीय विधायक के पत्र मिले हैं। साथ में एनडीपीपी के 18 विधायक हैं। सूत्र ने बताया कि नया मंत्रिमंडल आठ मार्च को शपथ लेगा। केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने भाजपा के महासचिव अरुण सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विसासोली लहोनगु के साथ राज्यपाल से मिलकर रियो का समर्थन करने वाला एक पत्र दिया जिस पर भाजपा के 12 विधायकों के हस्ताक्षर थे।