Mulayam Singh Health Bulletin: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की हालत लगातार गंभीर बनी हुई है और उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) में रखा गया हैं। इसकी जानकारी अस्पताल ने शनिवार को दी। अस्पताल की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया है कि उन्हें जीवन रक्षक दवाईयां दी जा रही हैं। स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, “मुलायम सिंह यादव की हालत अभी भी गंभीर है, विशेषज्ञों की एक टीम गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में उनका इलाज कर रही है।”

मुलायम सिंह की तबीयत बिगड़ने पर रविवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनका इलाज ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. नितिन सूद और डॉ. सुशील कटारिया की देखरेख में चल रहा है। वहीं, विभिन्न दलों के विभिन्न नेताओं ने अस्पताल में समाजवादी पार्टी के संरक्षक से मुलाकात की। शुक्रवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अस्पताल का दौरा किया और नेता के स्वास्थ्य का जायजा लिया। उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से भी मुलाकात की और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

रक्षामंत्री ने मुलायम सिंह यादव लिया कुशल क्षेम

राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल जाकर, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की सेहत और कुशल क्षेम की चिकित्सकों से जानकारी प्राप्त की। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वे जल्द से जल्द स्वस्थ हों।’’ वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी अखिलेश यादव को फोन कर नेता के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।

हरियाणा के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मुलायम सिंह यादव से मिलने मेदांता अस्पताल पहुंचे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की. मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- “अखिलेश यादव से आज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनके पिता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का हालचाल जानने के लिए मुलाकात की। मैं भगवान से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”