उत्तरी व पूर्वी दिल्ली के शिक्षकों ने पिछले एक साल से नियमित वेतन न मिलने के विरोध में शिक्षकों की निर्वाचित यूनियन नगर निगम शिक्षक संघ के अध्यक्ष दिनेश गौर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन भी मौजूद थे।
कैंडल मार्च में हजारों की संख्या में मौजूद नगर निगम शिक्षकों के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन, यूनियन के अध्यक्ष दिनेश गौर, उपाध्यक्ष विभा सिंह, महासचिव रामनिवास सोलंकी और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक भी शामिल थीं। कैंडल मार्च में बड़ी मात्रा में महिला शिक्षकों ने भी हिस्सा लिया।
अजय माकन ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल में ऐसी समस्याएं कभी नहीं आईं। उन्होंने कहा कांग्रेस शिक्षकों के वेतन और उनके दूसरे हकों के लिए निरंतर लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा आम आदमी पार्टी और भाजपा की दिल्ली नगर निगम के शासन के चलते शिक्षकों के वेतन के लाले पड़े हैं।
जबकि इनके सारे काम निरंतर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दिल्ली नगर निगम शिक्षकों की लड़ाई में पूरा समर्थन देगी और उन्हें उनका हक दिलाकर रहेगी। यूनियन के अध्यक्ष दिनेश गौर ने कहा कि हमने नगर निगम शिक्षकों के वेतन के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपराज्यपाल और दिल्ली नगर निगम के नेताओं के चक्कर लगाए लेकिन कोई असर नहीं पड़ रहा है।
उन्होंने कहा शिक्षकों को वेतन न मिलने के कारण उनको आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों के बच्चों की फीस न जमा होने के कारण उनकी पढ़ाई पर असर पड़ रहा है, बीमारी का खर्च और उनकी रसोई पर भी बहुत बड़ा असर पड़ा है। ये शिक्षक नियमित वेतन न मिलने के कारण आर्थिक स्थिति से जूझ रहे हैं।