Mainpuri By-Election: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के चुनावी मैदान में अखिलेश यादव लगातार सपा संस्थापक मुलायाम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) को याद करते हुए लोगों से वोट और समर्थन मांग रहे हैं। ऐसे ही बुधवार (23 नवंबर) को एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश को मुलायम सिंह की वो डांट याद आ गई जो उन्होंने भरे मंच से अखिलेश और अधिकारियों को लगाई थी। अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि अगर नेताजी नहीं डांटते तो शायद आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे समय से नहीं बन पाता।

मैनपुरी में पूर्व सैनिकों के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने कहा, “नेताजी की वजह से ही ये एक्स्प्रेस-वे समय पर बन पाया है। अगर नेताजी उस दिन नहीं डांटते और नहीं बोलते तो शायद यह समय पर नहीं बन पता। अगर पिछले चुनाव में बेईमानी नहीं हुई होती तो आप मैनपुरी तो जीत ही रहे थे, मोगांव भी जीत गए होते। आप वो बेईमानी की वजह से हारे हैं।”

मैनपुरी से अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव (Dimple Yadav) हैं सपा प्रत्याशी: यूपी के मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के लिए हो रहे उपचुनाव में इस बार मुलायम सिंह यादव नहीं हैं। नेताजी की मृत्यु के बाद समाजवादी पार्टी (SP) के लिए यह पहला चुनाव है। मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव 2022 के लिए समाजवादी पार्टी ने पूर्व सीएम अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया है। डिंपल इससे पहले कन्नौज की सांसद थीं।

मैनपुरी में नेताजी के काम को डिंपल आगे बढ़ाएंगी: इससे पहले डिंपल यादव के साथ उनका लोकसभा उपचुनाव में नामांकन कराने मैनपुरी पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा था कि आज नेताजी हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका मैनपुरी से बहुत गहरा लगाव रहा है। मैनपुरी से ही संघर्ष कर नेताजी आगे बढ़े और समाज के हक के लिए लड़ाई लड़ी। सपा उसी संघर्ष को आगे बढ़ाने और नेताजी के दिखाए रास्ते पर चलने का प्रयास करेगी। सपा अध्यक्ष ने कहा था कि मैनपुरी में जो विकास नेताजी ने किया है, उसे और आगे ले जाने का काम करेंगे। मैनपुरी में नेताजी के काम को डिंपल आगे बढ़ाएंगी।

गौरतलब है कि मैनपुरी में 5 दिसंबर 2022 को उपचुनाव होने हैं। मैनपुरी लोकसभा सीट मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई है। इस सीट पर यादव परिवार का कई दशकों से कब्जा रहा है।