महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना के बीच राजनीतिक हमले रोज सुनते हैं लेकिन शुक्रवार को मुंबई में बीजेपी नेता की गाड़ी पर हमला हुआ। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के घर के बाहर बीजेपी नेता मोहित कम्बोज की गाड़ी पर कथित तौर पर शिवसैनिकों द्वारा हमला किया गया। मोहित कम्बोज ने शिवसेना के कार्यकर्ताओं पर मॉब लिंचिंग का आरोप लगाया है।

घटना के बाद मोहित कंबोज ने एएनआई को बताया कि, “कलानगर जंक्शन पर मेरी कार पर भीड़ ने हमला किया, हम वहां से भागने में सफल रहे। महाराष्ट्र में सरकार बंगाल से भी बदतर साबित हो रही है। नवाब मलिक जैसे भ्रष्ट मंत्रियों को बेनकाब करने वाले विपक्षी नेताओं पर राज्य सरकार द्वारा हमला किया जा रहा है। मैं इसकी निंदा करता हूं। मेरी आवाज दबाने के लिए शिवसेना और महाराष्ट्र के सीएम द्वारा मुझे मारने की कोशिश की गई। अब देखना होगा कि मुंबई पुलिस क्या कार्रवाई करती है? सीसीटीवी में सब कुछ रिकॉर्ड है।”

मोहित कंबोज ने घटना के बाद सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत की कॉपी को ट्विटर पर शेयर करते हुए उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि, “मेरे ऊपर जो कल हमला हुआ वो मुझे जान से मारने की एक साज़िश थी। मुंबई पुलिस को मैंने शिकायत दर्ज कराई हैं और मेरी माँग हैं, इसपे FIR दर्ज कर दोषी लोगों पे जल्द से जल्द कार्रवाई करें। अगर मुझे डराने का काम महाराष्ट्र सरकार कर रही है तो मैं बताना चाहता हूँ मैं तुमसे डरता नहीं हूँ।”

वहीं बीजेपी नेता मोहित कंबोज पर हमले का बीजेपी नेताओं ने विरोध किया है। पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, “कंबोज पर हमला सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी सरकार में भ्रष्टाचार को उजागर करने वाली भाजपा पर प्रतिक्रिया है। अगर आप महाराष्ट्र में सरकारी भ्रष्टाचार की बात करते हैं, तो संदेश दिया जाता है कि ‘मैं तुम्हें मार दूंगा’। हालांकि महा विकास अघाड़ी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार की लड़ाई नहीं रुकेगी।”

मोहित कंबोज महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और जेल में बंद नवाब मलिक पर लगातार निशाना साधते रहते हैं। आर्यन खान ड्रग मामले के बाद से ही मोहित कंबोज और नवाब मलिक के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। मोहित कंबोज मुंबई में बीजेपी के कई अहम पदों पर भी रह चुके हैं।

बता दें कि मोहित कम्बोज ने देशभर के मंदिरों में मुफ्त में लाउडस्पीकर बांटने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि हनुमान जयंती के मौके पर वो देशभर के मंदिरों में फ्री में लाउडस्पीकर बांटेंगे। उन्होंने ये भी दावा किया था कि अब तक उनके पास देशभर के 9 हजार से अधिक मंदिरों से लाउडस्पीकर की मांग आई है।