Maharashtra Cabinet Expansion: महाराष्ट्र में अगले हफ्ते एकनाथ शिंदे सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा। इसको लेकर खाका तैयार किया जा चुका है। इस कैबिनेट विस्तार में शिंदे कैंप के आठ विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। 9 अगस्त, 2022 को एकनाथ शिंदे की कैबिनेट का विस्तार हुआ था। जिसमें 18 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी। इनमें नौ मंत्री बीजेपी और नौ मंत्री शिंदे के गुट के हैं। 30 जून को एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। जबकि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को डिप्टी सीएम बनाया गया था।

महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में अभी कौन-कौन-

महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में भी भाजपा की तरफ से चंद्रकांत पाटिल, सुधीर मुनगंटीवार, गिरीश महाजन, राधाकृष्ण विखे पाटिल, सुरेश खाड़े, अतुल सावे, रवींद्र चह्वाण, मंगल लोढ़ा, विजय कुमार गावित मंत्री हैं। जबकि शिवसेना शिंदे कैंप से संदीपन भुमरे, उदय सामंत, दादा भुसे , शंभुराज देसाई, गुलाबराव पाटिल, संजय राठौड़, तानाजी सावंत, दीपक केसरकर और अब्दुल सत्तार मंत्री हैं।

महाराष्ट्र में बीजेपी कार्यकारिणी की बैठक

महाराष्ट्र बीजेपी प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने गुरुवार को कहा है कि महाराष्ट्र में भाजपा ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में 51 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने का लक्ष्य रखा है। बावनकुले ने बीजेपी राज्य कार्यकारिणी की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत की। बावनकुले ने कहा कि बैठक में सभी नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए।

विधानसभा में 200 से ज्यादा सीटें हासिल करने का लक्ष्य

बावनकुले ने कहा कि बैठक के दौरान हमने महाराष्ट्र में 51 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि इस बैठक के बाद हमारे नेता और पार्टी कार्यकर्ता आगामी लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकायों की तैयारी के लिए नई ऊर्जा के साथ चुनाव अभियान में जुटेंगे। हमने 288 विधानसभा सीटों में से 51 फीसदी वोट शेयर और 200 से ज्यादा सीटें हासिल करने का लक्ष्य रखा है।’

राज्य भाजपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा और शिवसेना मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में सभी 48 लोकसभा सीटों और 288 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई कांग्रेस, एनसीपी और उद्धव गुट के खिलाफ है। हमने महाविजय 2024 मिशन के तहत राज्य में 51 फीसदी वोट शेयर का लक्ष्य रखा है। हम घर चलो संपर्क अभियान के जरिए मतदाताओं तक पहुंचेंगे।”