देश में कोविड-19 अनलॉक प्रक्रिया शरू होने के बाद से ही कई सारे लोग वायरस से बचने के लिए एहतियातों का पालन नहीं करते हुए दिख रहे हैं। ऐसे में मुंबई पुलिस ने रविवार तड़के एक रेस्तरां से 28 महिलाओं समेत 97 लोगों को कथित तौर पर कोविड-19 रोकथाम नियमों का उल्लंघन कर अश्लील हरकतें करते हुए पकड़ा।
अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ़्तारी के कुछ देर बाद सभी महिलाओं को छोड़ दिया गया है वहीं रेस्तरां के प्रबंधक और तीन कर्मचारियों समेत अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एक अधिकारी ने मामले जानकारी देते हुए कहा कि गुप्त रूप से दी गई सूचना के आधार पर पुलिस ने जोगेश्वरी में लिंक रोड पर स्थित बॉम्बे ब्रूट रेस्तरां पर छापा मारा और वहां लोगों को शराब पीते, नाचते और हुक्के का सेवन करते हुए पाया। गिरफ्तार हुए सभी लोग शहर के संभ्रांत परिवारों से थे।
उन्होंने आगे कहा कि पकड़े गए लोगों को रेस्तरां मालिक ने संपर्क कर के कहा कि प्रतिबंधों में ढील दिए जाने के बाद रेस्तरां फिर से खुल गया है और अब वे आ सकते हैं।
ओशिवारा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक दयानंद बांगर ने बताया कि कुल 97 लोगों को गिरफ्तार किया गया था जिनमे से 28 महिलाओं को छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता और महामारी कानून के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आपको बता दें कि कोविड-19 महामारी की वजह से महाराष्ट्र देश में सबसे ज्यादा सूबा है। बीते शनिवार महाराष्ट्र में कोविड-19 के 12,614 नए मामले सामने आये तथा 322 मौतें हुईं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को आए मामलों के साथ राज्य में कोविड-19 से प्रभावित मरीजों की संख्या 5,84,754 हो चुकी है। वही अब तक कुल मौतों की संख्या 19,749 हो चुकी हैं।

