मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई और कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने अफसर के लिए अपशब्द कहे हैं। गुना जिले में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिलने से गुस्साए कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने जिले से कलेक्टर को लेकर कहा कि कलेक्टर तुम्हारी क्या औकात है। तुम जैसे कई आए और कई गए।

शनिवार को मध्यप्रदेश के गुना जिले के मधुसुदन गढ़ इलाके में कांग्रेस ने बढती महंगाई और किसानों के मुद्दे पर पैदल यात्रा का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन ने लिखित अनुमति नहीं दी थी। हालांकि इसके बावजूद भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के दौरान विधायक लक्ष्मण सिंह मर्यादा की सारी सीमा लांघते हुए मंच से ही कलेक्टर के खिलाफ अपशब्द कहने लगे।

कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह मंच से ही कहने लगे कि मैंने गुना के कलेक्टर को फोन लगाकर कहा कि कलेक्टर तुम्हारी औकात क्या है, तुम कौन हो। तुम्हारे जैसे कई कलेक्टर आए और कई कलेक्टर गए, और आगे भी आएंगे-जाएंगे। लेकिन जनता यहीं रहेगी, जनता के सामने तुम्हारी औकात क्या है, तुम क्या समझते हो। लक्ष्मण सिंह इतने पर ही नहीं रुके। 

इस दौरान लक्ष्मण सिंह ने यह भी कहा कि एक बार एक एसडीएम आया था जो थोड़ा टेढ़ा था। लेकिन अब वह भी ठीक हो गया है और कांग्रेस पार्टी का कोई आदमी उसके पास जाता है तो वो कहता है कि साहब चाय पीजिए। इसलिए अब यही हम राघोगढ़ में भी चाहते हैं कि अधिकारी खड़े होकर कांग्रेस कार्यकर्ता और जनता का सम्मान करें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जनपद सीओ से लेकर चीफ सेक्रेटरी तकसभी जनता के नौकर हैं और जनता मालिक है। 

विधायक लक्ष्मण सिंह जब मंच से अफसरों के खिलाफ अपशब्द कह रहे थे तो दिग्विजय सिंह के बेटे और राघोगढ़ से विधायक जयवर्धन सिंह भी मंच पर मौजूद थे। जयवर्धन सिंह ने भी मंच से मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। जयवर्धन सिंह ने कहा कि भाजपा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को 500 करोड़ रुपए में खरीदा। भाजपा ने जयचंद विधायकों को पैसे के दम पर खरीद कर अपनी सरकार बनाई है। भाजपा सरकार बने 17 महीने हो गए हैं और जनता परेशान हो चुकी है।