कर्नाटक विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करने के बाद अब कांग्रेस की नजर मध्य प्रदेश और राजस्थान चुनाव पर है। पार्टी को विश्वास है कि वह मध्य प्रदेश में 150 सीटें जीतेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ऐसा दावा किया है। हालांकि, सीएम उम्मीदवार के सवाल पर वह बचते नजर आए।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके चलते पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी की राज्य इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में राहुल गांधी और पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी शामिल हुए।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया है कि कर्नाटक में जो किया उसे पार्टी मध्य प्रदेश में दोहराएगी। यहां मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “अभी हमारी लंबी चौड़ी चर्चा हुई है और ये हमारा आंतरिक आकलन है कि 136 सीटें कर्नाटक में मिलीं हैं और मध्य प्रदेश में 150 सीटें मिलने जा रही हैं। तो कर्नाटक में जो किया उसको हम दोहराने जा रहे हैं।” इसके बाद जब उनसे मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सवाल किया गया तो वह बिना जवाब दिए चले गए। पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि क्या इस बार भी मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा कमलनाथ ही होंगे, तो राहुल गांधी ने कहा, “भईया 150 सीटें आने वाली हैं।” वह सीएम उम्मीदवार को लेकर पूछे गए सवाल का बिना जवाब दिए वहां से निकल गए। इस दौरान, कमलनाथ भी उनके साथ मौजूद थे।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पार्टी के राज्य प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल और कई अन्य वरिष्ठ नेता इस बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में संगठन और चुनाव तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। मध्य प्रदेश में इस साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होना है।
2018 में मध्य प्रदेश और राजस्थान में विधानसभा चुनाव हुआ था और दोनों ही जगह कांग्रेस की सरकार बनी थी। हालांकि, 2020 में मध्य प्रदेश में कांग्रेस के कुछ विधायक भाजपा में शामिल हो गए और उनकी सरकार गिर गई। शिवराज सिंह चौहान एक बार फिर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे।