मध्यप्रदेश के सतना से कांग्रेस के दो विधायकों पर एक महिला ने ट्रेन में छेड़खानी का आरोप लगाया है। महिला ने आरोप लगाया है कि वह अपने छोटे बेटे के साथ रेवांचल एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रही थी। इसी दौरान सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और कोतमा से विधायक सुनील सराफ भी उसी ट्रेन में मौजूद थे और नशे में थे। महिला ने आरोप लगाया कि दोनों नेता बुरी नजर से उसे देख रहे थे। महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि सिद्धार्थ कुशवाहा और सुनील ने नशे में उसे टच किया।
बता दें कि राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ग्वालियर पहुंचे थे और उनके साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे। इस दौरान वह ग्वालियर में विकास योजनाओं को लेकर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। इसी दौरान समाचार चैनल एमपी तक के रिपोर्टर ने उनसे सवाल पूछ लिया कि महिला से दुर्व्यवहार करने वाले कांग्रेस विधायकों के घर बुलडोजर कब चलेगा। इतना सुनते ही शिवराज चौहान उठ गए और हाथ जोड़ कर चल दिए।
दरअसल यह घटना 6 अक्टूबर की है, जब एक महिला रेवांचल एक्सप्रेस से सफर कर रही थी। महिला के आरोपों के अनुसार रात करीब 11:30 बजे दोनों विधायक नशे में धुत थे और उन्होंने महिला के कंधे को छूकर उठाया और पूछा कि आपने खाना खाया या नहीं। इसके साथ ही महिला ने आरोप लगाया कि दोनों विधायकों ने गंदी गंदी गालियां भी दी। इसके बाद महिला ने अपने पति को फोन किया और उनसे सारी घटना बताई।
इसके बाद महिला के पति ने सागर जीआरपी को फोन किया और उनसे शिकायत की। इसके बाद सागर जीआरपी महिला को लेकर भोपाल पहुंची और वहां पर दोनों विधायकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। महिला ने यह भी बताया कि उसने टीटीई से दोनों पर कार्यवाही करते हुए ट्रेन से उतारने के लिए कहा था। लेकिन इसके बाद टीटीई ने महिला की सीट को बदल दिया।
दरअसल 16 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह ग्वालियर भी आएंगे, जहां कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। शिवराज ने पत्रकारों से बात करते हुए अमित शाह की तारीफ की और इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब से ज्योतिरादित्य सिंधिया नगर विमानन मंत्री बने हैं, उसके बाद से ही मध्य प्रदेश को काफी फायदा हुआ है।