Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में पथरिया की बसपा विधायक रामबाई सिंह परिहार अपने विवादित बयानों से चर्चाओं में रहती हैं, लेकिन इस बार रामबाई सिंह परिहार अपने डांस की वजह से से सुर्खियों में हैं। इस बार विधायक रामबाई सिंह अपनी विधानसभा में गाती और नाचती नजर आईं। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

दरअसल, देवउठनी ग्यारस के मौके पर पथरिया विधायक रामबाई सिंह परिहार पथरिया विधानसभा में लोगों के साथ पूजा-पाठ करने के लिए यहां पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने लोगों के साथ मेला घूमा साथ ही पारंपरिक नृत्य भी किया। इस दौरान पारंपरिक गीत भी रामबाई गाती हुई दिखाई दीं।

साल 2021 में गणेश उत्सव में भी किया था डांस

बता दें, इससे पहले सितंबर, साल 2021 में गणेश उत्सव के अवसर पर विधायक रामबाई परिहार अपनी विधानसभा क्षेत्र में गणेश प्रतिमा के दर्शन के लिए पहुंची थी। इस दौरान डीजे की धुन पर बुंदेली गीत बज रहा था। गीतों पर स्थानीय बच्चे डांस कर रहे थे। इसी बीच विधायक रामबाई ने बच्चों के साथ जमकर डांस किया।इस दौरान विधायक की बेटी भी उनके साथ डांस करती हुई नजर आई थी। जिसका भी वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

कलेक्टर से अभद्र व्यवहार को लेकर रामबाई के खिलाफ दर्ज किया गया था मुकदमा

अभी कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश के पथरिया विधानसभा से बीएसपी विधायक रामबाई सिंह के खिलाफ पुलिस ने दमोह जिला कलेक्टर के साथ अभद्र व्यवहार करने के संबंध में मुकदमा दर्ज कर किया था। वहीं पथरिया विधानसभा से विधायक रामबाई सिंह ने कहा था कि उन्हें धाराओं से डर नहीं लगता है। दमोह के जिला कलेक्टर ने विधायक के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद इसी शिकायत के आधार पर विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

बता दें, रामबाई अपने दबंग अंदाज के लिए जानी जाती हैं। उनका दबंग अंदाज कई बार मीडिया की सुर्खियों में छाया रहा है। जिसमें वो अधिकारियों को हड़काती हुई नजर आई हैं। फिलहाल रामबाई का डांस वाला वीडियो काफी वायरल हो रहा है।