Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा तेलंगाना पहुंची है। राहुल गांधी के नेतृत्व में निकली यह यात्रा 3570 किलोमीटर का सफर तय करेगी। वहीं आने वाले दिनों में यह यात्रा मध्य प्रदेश पहुंचने वाली है। ऐसे में एमपी में कांग्रेस के विधायक कुणाल चौधरी ने इस यात्रा को भगवान श्रीराम की वनवास यात्रा से जोड़ा है।

कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने इस यात्रा को लेकर राहुल गांधी की तुलना भगवान श्रीराम से की। उन्होंने कहा कि जैसे तरह भगवान राम ने 14 साल की वनवास यात्रा की और अयोध्या से पदयात्रा पर निकले थे। उसी तरह राहुल गांधी भी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। चौधरी ने कहा कि भगवान राम ने अपनी पदयात्रा में शबरी के झूठे बेर खाए थे और केवट को गले लगाया था। राहुल गांधी भी देश में फैली घृणा और नफरत को दूर कर रहे हैं।

चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी देश के शोषितों और वंचितों को एकजुट करने निकले हैं। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश करने वाली है, ऐसे में कुणाल चौधरी खंडवा में इस पदयात्रा का रूट निरीक्षण करने के लिए वरिष्ठ कांग्रेसियों की टीम के साथ आए थे।

इस यात्रा से देश में प्रेम बढ़ेगा:

कुणाल चौधरी ने कहा कि इतने सालों से बीजेपी देश को तोड़ने का काम करती आ रही है। राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के साथ खंडवा में दादाजी महाराज की नगरी में आ रहे हैं। यह देश की सबसे बड़ी यात्रा है। इसमें बिना किसी भेदभाव के अलग-अलग धर्मों के लोग शामिल हैं। इस यात्रा से देश में प्रेम का भाव बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि मैं भाजपा के नेताओं से कहना चाहता हूं हमारे साथ मिलकर इस यात्रा में शामिल होकर देश को जोड़ने का काम करें। बता दें कि सितंबर के पहले सप्ताह में शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। इस यात्रा के दौरान कांग्रेस 12 राज्यों का भ्रमण करेगी, जिसके लिए 5 पांच महीनों का समय तय किया गया है। इस यात्रा का अंतिम पड़ाव कश्मीर में होगा।