Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के दमोह जिले की पथरिया नगर पालिका के अध्यक्ष सुंदरलाल विश्वकर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने जैसे ही सुंदरलाल विश्वकर्मा गिरफ्तार किया, वैसे ही उनको चक्कर आने लगे और सड़क पर गिर पडे़। बता दें कि सुंदरलाल विश्वकर्मा वो शख्स हैं, जिन्होंने अध्यक्ष बनने के लिए तीन पार्टियां बदली थीं।
इसके बाद नगर पालिका के अध्यक्ष सुंदरलाल विश्वकर्मा को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद पुलिस ने उनको कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया, लेकिन जेल के गेट पर भी वह गाड़ी से उतरते समय लड़खड़ाकर गिरे गए। इसके बाद उनको कंधों पर उठाकर जेल के दरवाजे तक पहुंचाया गया। बता दें, सुंदरलाल विश्वकर्मा को बुधवार (26 अक्टूबर, 2022) को मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
मध्य प्रदेश के पथरिया से नव निर्वाचित अध्यक्ष सुंदरलाल विश्वकर्मा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से पार्षद का चुनाव लड़ चुके हैं। जीतने के बाद कांग्रेस में शामिल होकर पथरिया नगर परिषद अध्यक्ष का चुनाव लड़ा और यहां भी जितने के बाद कुछ ही घंटों के भीतर ही उन्होंने भारतीय जनता (बीजेपी) का दामन थाम लिया था, जिससे महज कुछ ही घंटे के अंदर कांग्रेस के हाथ से अध्यक्ष की कुर्सी चली गई थी।
नगर पालिका अध्यक्ष सुंदरलाल विश्वकर्मा पर कई धाराओं में मामला दर्ज था। इसमें पांच अन्य आरोपी भी थे, जिनकी जमानत हो चुकी है। नगर परिषद अध्यक्ष बनने के बाद सुंदरलाल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नगरीय शासन मंत्री भूपेंद्र सिंह, परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा से भी मुलाकात कर चुके हैं।
एसपी डीआर तेनीवार ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष का एक झगड़ा हुआ था, जिसमें 326 का प्रकरण कायम था। जिसमें यह पेश नहीं हो रहे थे। प्रकरण की विवेचना भी चल रही थी। विवेचना में प्रमाणित है कि यह 326 के आरोपी हैं। इसको बाद सुंदरलाल विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पथरिया थाना प्रभारी रजनी शुक्ला के मुताबिक, सुंदरलाल करीब 10 महीने पुराने एक मामले में फरार चल रहे थे। छह आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज था। उसी मामले में सुंदरलाल विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। इसके पहले पांच आरोपियों को जमानत मिल चुकी है।